उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन सतर्क
जिला कलक्टर ने दिए सख्त निगरानी के निर्देश
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल पूर्णतः वर्जित, वीडियोग्राफी और जैमर के साथ संपन्न होगी परीक्षा
ईएनटी चिकित्सकों द्वारा पुलिसकर्मियों को आधुनिक डिवाइस पकड़ने के लिए दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आगामी रविवार 5 और सोमवार 6 अप्रैल को आयोजित होने वाली उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 (गृह विभाग) के निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों और उपसमन्वयक दलों को परीक्षा पूर्व गहन प्रशिक्षण दिया गया। जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शुचिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान जिला कलक्टर लोक बन्धु ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों का प्रवेश केवल मूल आधार कार्ड और प्रवेश पत्र के मिलान के बाद ही सुनिश्चित किया जाए। अभ्यर्थियों की गहन फ्रिस्किंग एचएचएमडी उपकरणों के माध्यम से की जाएगी। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा कार्य में नियोजित स्टाफ के मोबाइल भी स्विच ऑफ कर अलमारी में सील किए जाएंगे। परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर संपूर्ण वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा समाप्ति से पूर्व किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में नकल रोकने के लिए आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की पालना सुनिश्चित की जाएगी। जाचं में नियुक्त पुलिसकर्मियों के लिए शनिवार 4 अप्रैल को एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञों और ईएनटी डॉक्टरों द्वारा पुलिसकर्मियों को ब्लूटूथ उपकरणों, विग, चश्मों में छिपे कैमरे और कान में लगने वाली सूक्ष्म डिवाइसों की पहचान करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला कलक्टर ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि केंद्रों पर रोशनी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी कार्यशील तथा सही समय पर हो। परीक्षा का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समस्त नियुक्त अधिकारी एवं कार्मिक आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात होने वाले समस्त पुलिसकर्मियों को मोबाइल के उपयोग से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थानाधिकारी अपने क्षेत्रों के केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे और प्रत्येक चार केंद्रों पर एक लायजनिंग अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। कानून-व्यवस्था की निगरानी के लिए मोबाइल दल और क्यूआरटी टीमें निरंतर भ्रमण पर रहेंगी। इसके साथ ही, असामाजिक तत्वों और अवांछित गतिविधियों पर नजर रखने के लिए केंद्रों के बाहर पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में तैनात किए जाएंगे।

0 टिप्पणियाँ