सेंट एन्सलम व द मस्कॉट स्कूल ने जीते खिताब
सम्राट पृथ्वीराज चौहान 860वीं जयंती पर हुए देश भक्ति कार्यक्रम
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंति समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित 860वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को युवा कलाकारों ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को नई ऊंचाईयां प्रदान की। सूचना केन्द्र के सभागार में आयोजित देशभक्ति गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता के अन्तर्गत शहर की भारी शिक्षण संस्थाओं ने भाग लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। सेंट एन्सलम स्कूल की छात्राओं ने नृत्य प्रतियोगिता में तथा द मस्कॉट स्कूल के छात्र ने एकल गीत में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए खिताब जीते।
समारोह समिति के समन्वयक कंवल प्रकाश किशनानी ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना केंद्र में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महान वीर योद्धा सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर आधारित देशभक्ति गीत एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियां रही। प्रतिभागियों ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान के शौर्य, पराक्रम एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण को गीत एवं नृत्य के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। देशभक्ति गीतों की स्वर लहरियों और भावपूर्ण नृत्य ने उपस्थित दर्शकों में जोश और गर्व की भावना भर दी।
इससे पूर्व समारोह का शुभारंभ भारत माता व पृथ्वीराज चौहान के चित्रों पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद के सरंक्षक सुरेश चंद गोयल, कार्यक्रम के अध्यक्ष अन्तर्राष्ट्रीय बास्केट बॉल खिलाड़ी एवं कॉमन कॉज सोसायटी के महासचिव विनीत लोहिया, एवं विशिष्ठ अतिथि भारत विकास के अध्यक्ष रमेश जाजू, सचिव लक्ष्मी नारायण बंसल, रेखा गोयल, भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेन्द्र कुमार तीर्थाणी रहे।
मुख्य अतिथि सुरेशचंद गोयल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम है अपितु युवाओं में देशभक्ति और इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विजेता इस प्रकार रहे।
सामुहिक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम संेट एन्सलम, द्वितीय गुरूकुल पब्लिक स्कूल बडल्या व तृतीय गुरूकुल पब्लिक स्कूल भगवानगंज, रही।
एकल गीत प्रतियोगिता में प्रथम द मस्कॉट स्कूल, द्वितीय एच.के.एच. पब्लिक स्कूल व तृतीय जीनियस कॉन्वेट सी.सै स्कूल रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थाओं के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। युक्ता शर्मा, होतचंद मोरयानी निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन समिति की ओर से मंच संचालन शिव प्रसाद गौतम तथा धन्यवाद विष्णु अवतार भार्गव ने दिया। इस अवसर पर पुरषोतम तेजवानी, चन्द्रभान प्रजापति आदि उपस्थित थे।
सभी विजेताओं को पुरस्कार व प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र 17 मई को पृथ्वीराज स्मारक पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रदान किये जायेगे। इस आयोजन में नगर निगम अजमेर, पर्यटन विभाग, अजमेर विकास प्राधिकरण, भारत विकास परिषद (मुख्य), पृथ्वीराज चौहान ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक शोध केन्द्र, मदस विश्वविद्यालय, भारतीय इतिहास संकलन समिति तथा सम्राट पृथ्वीराज चौहान समारोह समिति, अजमेर का सहयोग प्राप्त हो रहा है।
राईफल शूटिंग प्रतियोगिता रविवार 26 अप्रेल से
सम्राट पृथ्वीराज चौहान राईफल शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन लोहागल स्थित करणी स्पोर्टस् एवं एडवेन्चर अकादमी परिसर में रविवार 26 अप्रेल से किया जायेगा। आयोजन सचिव हिम्मत सिंह राठौड के अनुसार दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के छात्र-छात्राऐं, पुरूष व महिलाऐं भाग लेगी। प्रातः 10 बजे उद्घाटन समारोह के मुख्यअतिथि सेवानिवृत एडिशनल एस.पी. विक्रम सिंह राठौड़ होगें।

0 टिप्पणियाँ