Ticker

6/recent/ticker-posts

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रमुख चौराहों पर हाई मास्ट लाइटों का किया लोकार्पण

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रमुख चौराहों पर हाई मास्ट लाइटों का किया लोकार्पण

अजमेर में विकास की नई रोशनी

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रमुख चौराहों पर हाई मास्ट लाइटों का किया लोकार्पण

60 लाख की लागत से लगेगी 10 और हाई मास्ट लाइटें

अजमेर उत्तर में पहली बार 18 हाई मास्ट लाइटों से जगमगाएंगे प्रमुख चौराहे 

रोशनी, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों से बदल रही अजमेर की तस्वीर

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के कर-कमलों द्वारा बुधवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थापित हाई मास्ट लाइटों का लोकार्पण किया गया। अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में 10 हाई मास्ट लाइट लगाई जा रही हैं।

इसी क्रम में बुधवार को छतरी योजना, ममता स्वीट्स वैशाली नगर एवं जवाहर रंगमंच पर हाई मास्ट लाइटों का लोकार्पण किया गया। इसी क्रम में गुरुवार को हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान एवं पुष्कर रोड स्थित सिटी प्राइड के सामने भी हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी।

इससे पूर्व नगर निगम द्वारा भी शहर के विभिन्न स्थानों पर 8 हाई मास्ट लाइट लगाई गई थीं। इनमें घाटी वाले बालाजी मंदिर, नागफनी तिराहा, आनासागर पुलिस चौकी, टेलीफोन एक्सचेंज चौराहा, चामुंडा चौराहा, मित्तल हॉस्पिटल तिराहा, शास्त्री नगर चुंगी एवं सावित्री चौराहा शामिल हैं।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि पिछले दो वर्षों से अधिक के कार्यकाल में निरन्तर विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए जा रहे हैं। इनके परिणाम स्वरूप आज शहर परिवर्तन की नई कहानी लिख रहा है। उन्होंने कहा कि एक विधानसभा क्षेत्र में पहली बार 18 हाई मास्ट लाइट लगाई गई है। इससे प्रमुख चौराहे एवं सार्वजनिक स्थान रोशन होंगे तथा व्यापारियों, पर्यटकों एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मिनी मास्ट लाइटें भी स्वीकृत की गई हैं। अजमेर उत्तर से जुड़े नवीन ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक हजार से अधिक लाइटें लगाई गई हैं। शीघ्र ही नौसर घाटी से पुष्कर रोड तक हेरिटेज लाइटें भी स्थापित की जाएंगी। इससे दीपावली पूर्व शहर पूर्ण रूप से प्रकाशमान दिखाई देगा।

देवनानी ने कहा कि रोशनी के साथ मूलभूत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष कार्य किए जा रहे हैं। अजमेर उत्तर क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक के सड़क निर्माण कार्य कराए गए है। पुष्कर घाटी में बड़े वाहनों की आवाजाही को सुरक्षा की दृष्टि से नियंत्रित किया गया है तथा रिंग रोड के माध्यम से यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शहर के प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण होंगे। अशोक उद्यान से अंबेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। इससे आगंतुकों को शहर में प्रवेश के समय सुखद अनुभव प्राप्त होगा। अजमेर को सुंदर, स्वच्छ एवं श्रेष्ठ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आगंतुक पर्यटक एवं शहरवासियों के लिए लेपर्ड सफारी, साइंस पार्क सहित विभिन्न पर्यटक स्थल विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

उन्होंने आमजन से जल संरक्षण में सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि पानी व्यर्थ नहीं बहाएं तथा लीकेज होने पर तत्काल मरम्मत कराएं। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शीघ्र ही तीन नए रिजर्वायर निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ