संभागीय आयुक्त ने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण करने के दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। संभाग में संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं एवं विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की बजट घोषणाओं के अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। संभागीय आयुक्त राठौड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए तथा प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों के भुगतान में विलंब नहीं करते हुए तत्काल भुगतान जारी करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही, जिन कार्यों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उनके कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
संभागीय आयुक्त ने विकास कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि से संबंधित लंबित मुआवजा प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय नियमों के अनुसार कार्यवाही पूर्ण कर शेष मुआवजा राशि शीघ्र जारी की जाए, जिससे परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में अधिकारियों को बजट घोषणाओं के लंबित, प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की पृथक-पृथक सूची तैयार करने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी विभागों से बजट घोषणाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए समन्वित एवं गंभीर प्रयास करने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त निविदा प्रक्रिया, भुगतान, तकमीना अनुमान तथा अन्य तकनीकी पहलुओं के संबंध में भी विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

0 टिप्पणियाँ