गुमशुदगी : वृंदावन से लौटने के बाद घर से निकले मदनलाल, तीन दिन से लापता
शास्त्री नगर चुंगी चौकी के पास अंतिम बार सीसीटीवी में आए नजर, परिवार परेशान
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। शहर के पीली खान क्षेत्र निवासी मदन लाल जेलिया पिछले तीन दिनों से लापता हैं। इस संबंध में परिजनों द्वारा सिविल लाइन पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मदनलाल हाल ही में वृंदावन दर्शन कर सोमवार को सकुशल अपने घर लौटे थे। इसके अगले दिन मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वे घर से निकले, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के क्षेत्रों व परिचितों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने बताया कि लगातार खोजबीन के बाद भी मदनलाल का पता नहीं चलने पर सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिनमें मदनलाल अंतिम बार शास्त्री नगर स्थित चुंगी चौकी के पास दिखाई दिए हैं। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
मदनलाल के अचानक लापता होने से परिवार गहरे तनाव और चिंता में है। परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या परिवारजनों को सूचना दें।
परिजनों का कहना है कि उन्हें पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई और मदनलाल को सकुशल तलाशने की पूरी उम्मीद है।

0 टिप्पणियाँ