वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना -2026 : प्रदेश में 56 हजार वरिष्ठजन करेंगे तीर्थ दर्शन
देवस्थान विभाग शीघ्र निःशुल्क तीर्थ यात्रा के प्राप्त करेगा आवेदन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत वरिष्ठ नागरिक तीर्थ योजना - 2026 के लिए प्रदेश के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को देश में सुप्रसिद्ध 15 जन आस्था के तीर्थ स्थलों पर रेल व हवाई मार्ग द्वारा निःशुल्क यात्रा करवाई जाएगी। हवाई मार्ग द्वारा तीर्थ स्थल पशुपतिनाथ काठमांडू नेपाल की निःशुल्क यात्रा का प्रावधान है।
देवस्थान विभाग सहायक आयुक्त गिरीश कुमार बचानी ने बताया कि यात्रा के लिए आवेदन की प्रक्रिया बुधवार 27 मई से प्रारम्भ होकर अन्तिम तिथि आगामी 10 जून तक रहेगी। जिसकी सूचना विभागीय वेबसाईट http://devasthan.rajasthan.gov.in एवं पोर्टल eDevasthan2.rajasthan.gov.in के माध्यम से प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदनकर्ता का राजस्थान राज्य का मूल निवासी होना आवश्यक है। आवेदक आवेदन स्वयं एवं ई मित्र के माध्यम से कर सकते हैं। दस्तावेजों के तहत जनाधार कार्ड, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, आयकरदाता नही होने एवं पूर्व में इस योजना का लाभ नहीं लेने का स्व- घोषणा पत्र, मतदाता पहचान आवश्यक है। यात्रा करने के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम हो एवं 60 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण कर ली हो। आवेदक को सुविधा के लिए आवेदन की पावति सुरक्षित रखना है। योजना के लिए यात्रियों का चयन प्राप्त आवेदनों में से लॉटरी के माध्यम से किया जाता है।

0 टिप्पणियाँ