पद्मिनी महिला बटालियन कॉन्स्टेबल भर्ती रिव्यू चयन बोर्ड ने जारी की 16 योग्य अभ्यर्थियों की सूची
चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज और बायोमेट्रिक सत्यापन 27 मई को
हाडीरानी महिला बटालियन नारेली अजमेर में देनी होगी उपस्थिति
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। पद्मिनी महिला बटालियन सीकर ( कैम्प अजमेर) द्वारा कॉन्स्टेबल (सामान्य) भर्ती-2025 प्रक्रिया के तहत गठित रिव्यू चयन बोर्ड ने नियुक्ति के अनिच्छुक अथवा अन्यत्र चयनित हो चुके 10 सामान्य और 06 खेल कोटा के अभ्यर्थियों के स्थान पर समग्र वरीयता सूची से 16 नवीन योग्य अभ्यर्थियों को चयन सूची में शामिल किया है।
बटालियन की डिप्टी कमाण्डेन्ट प्रीति काकांणी ने बताया कि अभ्यर्थियों की यह विस्तृत सूची कार्यालय के नोटिस बोर्ड तथा राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। सभी चयनित अभ्यर्थियों को अपने बायोमेट्रिक, स्वास्थ्य परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन के लिए आगामी 27 मई को प्रातः 7 बजे कमाण्डेन्ट, हाडीरानी महिला बटालियन, नारेली (अजमेर) के कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति, मूल निवास, जन्म तिथि प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, दो राजपत्रित अधिकारियों द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र (6 माह से पुराने न हों), दहेज न लेने, धूम्रपान न करने, दो से अधिक जीवित संतान न होने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त न होने संबंधी आवश्यक शपथ पत्र मय 10 पासपोर्ट साइज फोटो लेकर पहुंचना होगा। इसके साथ ही इन सभी दस्तावेजों की दो-दो स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लाना भी अनिवार्य है। भर्ती से जुड़ी किसी भी प्रकार की अन्य जानकारी प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थी कार्यालय समय के दौरान दूरभाष संख्या 9530422220 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ