वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत रन फॉर एनवायरमेंट का हुआ आयोजन
पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का दिया संदेश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रन फॉर एनवायरमेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजा साइकिल चौराहे से मार्टिंडल ब्रिज तक आयोजित दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनीता भदेल, जिला कलक्टर श्री लोकबंधु तथा जिला वन अधिकारी श्री पी. बाला मुरुगन ने प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए दौड़ को रवाना किया।
अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल, वन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान कर रहा है।
जिला कलक्टर लोकबंधु ने कहा कि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन एक-दूसरे के पूरक हैं। जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा वृक्षारोपण जैसे प्रयासों से आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं समृद्ध पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
जिला वन अधिकारी पी. बाला मुरुगन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक सामाजिक दायित्व है। वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं जैव विविधता के संरक्षण के माध्यम से पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से प्रकृति के संरक्षण के लिए दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव अपनाने का आग्रह किया।
दौड़ का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाने का संदेश आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्र कुमार मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पुलिसकर्मी, विद्यार्थी, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ