जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें 9 प्रकरणों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल राजकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए लगातार कार्यवाही करने की बात कही।
बैठक में आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं जन अभियोगों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए और जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जनसुनवाई की प्रभावशीलता आवश्यक है। समिति द्वारा अवैध निर्माण,अतिक्रमण,चिट फंड,पट्टा निरस्तीकरण एवं राजस्व प्रकरणों सहित अन्य प्रकरणों की सुनवाई की गई। जिला कलक्टर ने सभी विषयों पर विभागीय अधिकारियों से रिपोर्ट ली और समाधान की समयसीमा निर्धारित की।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जन अभियोगों की शिकायतों का समाधान करने के पश्चात संबंधित परिवादी को सूचित किया जाए। उन्होंने कहा कि सतर्कता और जन जवाबदेही राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए प्राप्त परिवादों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्यवाही कर राहत प्रदान की जाना सुनिश्चित करें। जिला कलक्टर ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों के निस्तारण में उच्च अधिकारी स्वयं ध्यान देकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, अजमेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त श्री जयपाल सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र यादव, सदस्य के रूप में एडीए के पूर्व अध्यक्ष शिव शंकर हेड़ा, पूर्व जिला प्रमुख वन्दना नोगिया, गुणमाला पाटनी, महेन्द्र जादम, डॉ. प्रियशील हाड़ा, दिनेश प्रजापत, दीपक मीणा, अरविन्द यादव एवं हनुमान भादु सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ