अभिभावक बच्चों पर पढ़ाई का नहीं बनाए दबाव : अनामिका शर्मा
मेयर ने मित्तल ग्रुप कर्मचारियों के प्रतिभाशाली बच्चों को किया प्रोत्साहित
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजमेर नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर अनामिका शर्मा ने कहा कि अभिभावकों को बच्चों पर पढ़ाई का दबाव नहीं बनाना चाहिए। अभिभावक बच्चों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें उस दिशा में प्रोत्साहन दें जिसे जानने, समझने, करने अथवा सीखने में उनकी रुचि हो। उन्होंने कहा कि कम पढ़े लिखे बच्चे भी आगे चलकर होनहार निकलते हैं।
मेयर अनामिका शर्मा शुक्रवार को मित्तल हॉस्पिटल कर्मचारियों के प्रतिभाशाली बच्चों के प्रोत्साहन में आयोजित पुरस्कार एवं छात्रवृत्ति वितरण समारोह को संबोधित कर रही थीं। समारोह में करीब 70 प्रतिभाशाली बच्चों को मेयर ने स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के आरंभ में मित्तल ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट सीए डॉ श्याम सोमानी ने मेयर अनामिका शर्मा को पुष्प गुच्छ भेंट किया और उनका शाब्दिक अभिनन्दन किया। हॉस्पिटल के सीईओ एस के जैन ने प्रोत्साहन समारोह आयोजन के उद्देश्य और मित्तल ग्रुप के विजन पर प्रकाश डाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया। वाइस प्रेसिडेंट आॅपरेशनल डॉ विद्या दायमा ने मेयर शर्मा को शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। डिप्टी जनरल मैनेजर विजय रांका ने मेयर शर्मा को पौधा भेंट किया। हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ विनोद विजयवर्गीय ने मेयर शर्मा के ससुर वरिष्ठ भाजपा नेता सीताराम शर्मा को पौध भेंट कर उनका स्वागत किया। समारोह का संचालन वरिष्ठ जनसम्पर्क प्रबंधक सन्तोष कुमार गुप्ता ने किया।
इससे पूर्व मित्तल हॉस्पिटल पहुंचने पर मेयर अनामिका शर्मा व वरिष्ठ भाजपा नेता सीताराम शर्मा ने निदेशकों से मुलाकात की और अजमेर में मित्तल ग्रुप के योगदान को प्रेरणास्पद बताया। उन्होंने संरक्षक मुन्नालाल मित्तल के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी चाही। इस मौके पर अनिल मित्तल, सुनील मित्तल, डॉ दिलीप मित्तल,मनोज मित्तल, डॉ चक्रपाणि मित्तल, डॉ आयुषी पाटनी मित्तल एवं सार्थक मित्तल ने उनके मेयर पद पर स्मरणीय कार्यकाल की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। समारोह में प्रबंधक प्रशासन रोगी एवं सुरक्षा आनन्द शर्मा, जनसम्पर्क अधिकारी जयदीप सोनी, सहायक अधिकारी वंदना हिरानी भार्गव, सीनियर ग्राफिक डिजाइनर दौलत राम शर्मा का सराहनीय योगदान रहा।
ठहाकों और तालियों से गूंजा सभागार
अनामिका शर्मा ने अपने सम्बोधन का प्रारम्भ ही कुछ इस तरह किया कि पूरा सभागार बहुत देर तक तालियों से गूंजता रहा। मेयर ने कहा कि उन्हें भले ही पढ़ाई में अव्वल आने वाले बच्चों के प्रोत्साहन कार्यक्रम में बुलाया गया है पर वे अभिभावकों को कहना चाहती हैं कि बच्चों पर पढ़ाई का बहुत ज्यादा जोर नहीं डाले। कम पढ़े बच्चे भी ज्यादा होनहार होते हैं।
उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए चुटकी ली कि वे तो घर पर रोटिया बनाती रहीं, ज्यादा पढ़ी—लिखी भी नहीं और आज मेयर बन गई। अनामिका शर्मा के इतना कहते ही पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा। बहुत देर तक तालियां बजती रही।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और शास्त्री को किया नमन
मेयर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें याद करते हुए अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। शर्मा ने कहा कि अभिभावक बच्चों को अपने लिए, अपने घर परिवार और समाज व राष्ट्र के लिए कर्मशील बनने को प्रोत्साहित करते रहें। जो भी बच्चा अपने आत्मविश्वास, निष्ठा और समर्पण से कर्म करना सीख जाएगा तो निश्चित ही वह होनहार बन जाएगा।
नागरिकों के विश्वास पर खरा उतरने का है संकल्प
उन्होंने कहा कि वे शहर के प्रत्येक नागरिक के विश्वास पर खरा उतरने का हर कदम प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा मित्तल हॉस्पिटल तो उनके लिए घर जैसा ही है वे पिछले बीस सालों से जब से हॉस्पिटल बना है यहां अनेक बार आती रही हैं। मेयर ने मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के प्रबंधन, चिकित्सक और यहां के कर्मचारियों, हॉस्पिटल की साफ—सफाई और चिकित्सकीय सेवाओं की मुक्त कंठ से सराहना की और सभी को बताया कि वे तो वर्ष 2005 में जब से विवाह कर अजमेर आई हैं, मित्तल हॉस्पिटल से परिवार जैसा नाता जुड़ गया। उनके बच्चों का जन्म मित्तल हॉस्पिटल में ही हुआ और बाद के दिनों में यहां के चिकित्सकों शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ प्रशांत माथुर और स्टाफ से अपनापन जुड़ता चला गया। उन्होंने कहा कि वे आज मित्तल हॉस्पिटल परिवार की सदस्य के रूप में ही यहां आई हैं। उन्होंने कहा कि जैसे मित्तल हॉस्पिटल पूरे संभाग वासियों के पीड़ा और तकलीफ में स्वास्थ्य संरक्षक के रूप में साथ खड़ा है वैसे ही वे भी मेयर के रूप में उनके प्रति शहर हित के हर कामकाज में साथ हैं। उन्होंने शहर को साफ सुथरा और शहर वासियों को स्वस्थ व निरोगी बनाए रखने की मुहिम में हमेशा साथ निभाने का वादा किया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता व मेयर के ससुर सीताराम शर्मा ने भी बच्चों को प्रोत्साहन किया और शुभाशीष प्रदान किया।

0 टिप्पणियाँ