स्पीकर देवनानी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर शुभकामनाएं दी
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।
देवनानी ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और राष्ट्रीय एकता का अनुपम उदाहरण है।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि भारत की विविधता ही हमारी शक्ति है। विभिन्न भाषा, संस्कृति, परंपराओं और विचारों के बावजूद हम सभी एक राष्ट्र के रूप में एक सूत्र में बंधे हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हुए विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। देवनानी ने इस अवसर पर सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की प्रगति के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लें।

0 टिप्पणियाँ