जिले में नहीं रहे उवर्रकों की कोई कमी : जिला कलक्टर
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला स्तरीय फर्टीलाइजर डिस्ट्रीब्यूशन रेगूलेटरी टास्क फोर्स कमेटी की बैठक जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि जिले में आगामी रबी फसल के लिए उर्वरकों की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। जिले के किसानों के लिए उवर्रकों के पर्याप्त स्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिले की समस्त जीएसएस एवं केवीएस पर पर्याप्त मात्रा में उवर्रक रहना चाहिए। इस उवर्रक का समस्त किसानों में समान वितरण हो। वितरण राज्य सरकार के निर्देशानुसार पॉश मशीन से ही होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उवर्रकों की काला बाजारी तथा जमाखोरी रोकने के लिए लगातार औचक निरीक्षण किए जाए। वितरण एवं निरीक्षण के साथ आवश्यकता होने पर पुलिस जाब्ते का भी सहयोग लिया जा सकता है। उवर्रकों के वितरण के समय पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए।
उन्होंने कहा कि उवर्रकों के विकल्पों के उपयोग के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। उर्वरकों का उपयोग सॉयल हैल्थ कार्ड के अनुसार करे। इनके अधंाधुंध उपयोग से बचा जाना चाहिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु, केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक हरिश सिवासिया, सहकारिता विभाग के राजेन्द्र सिंह पंवार, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक संतोष कुमार तंवर, उद्यान विभाग की उपनिदेशक आरती यादव, इफ्को के सीएएम निर्भय चौधरी, कृभको के आईएफआर परिक्षित कुमार, उर्वरक विक्रेता संघ के बलराम धाकड़, संदीप, पद्म चंद, मूलचन्द तोषनीवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ