दौड़ में 2 हजार से अधिक प्रतिभागी लेंगे भाग
अजमेर। वर्तमान शासन के एक वर्ष पूर्ण होने पर जिले भर में ''वर्ष एक - फैसले अनेक'' थीम के तहत आगामी 20 से 22 दिसम्बर तक अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रमों का शुभारम्भ 20 दिसम्बर को प्रातः रन फोर निरोगी राजस्थान दौड़ से होगा। जिसमें 2 हजार से अधिक प्रतिभागी भाग लेकर निरोगी राजस्थान का संदेश देंगे।
कार्यक्रमों के व्यवस्थित रूप से आयोजन के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बताया गया कि सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर जिले में तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें 20 दिसम्बर को प्रातः 7.30 बजे पहला सुख निरोगी काया थीम पर रन फोर निरोगी राजस्थान कार्यक्रम के साथ जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। यह दौड पटेल मैदान से नई चौपाटी तक होगी। दौड़ में पुलिस, सीआरपीएफ, हाडी रानी बटालियन, निजी विद्यालय, कारागार प्रशिक्षण, एनसीसी, स्काउट, आईटीआई, महाविद्यालय, सिविल डिफेंस, नेहरू युवा केन्द्र सहित स्वयं सेवी संगठनों के 2 हजार से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे। सभी प्रतिभागी प्रातः 7 बजे पटेल मैदान पहुंचेंगे। दौड़ के समापन स्थल नई चौपाटी खरमोर पोइंट पर प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलायी जाएगी।
इसके साथ ही प्रातः 10.30 बजे मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में निरोगी राजस्थान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन चिकित्सा विभाग द्वारा किया जायेगा। इसमें निरोगी जीवन शैली के संबंध में विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिये जायेगे। इसी प्रकार दोपहर 2 बजेे सूचना केन्द्र में वर्ष एक, फैसले अनेक तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। जिसका उद्घाटन प्रभारी मंत्री द्वारा किया जायेगा। प्रदर्शनी में जिले की उपलब्धियों पर आधारित जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन भी किया जायेगा। साथ ही प्रभारी मंत्री द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेस कर उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शनिवार 21 दिसंबर को ब्लॉक स्तर पर प्रातः 9 बजे रन फॉर निरोगी राजस्थान प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात निरोगी राजस्थान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन चिकित्सा विभाग द्वारा किया जायेगा। इसमें निरोगी जीवन शैली के संबंध में विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिये जायेगे। इसके लिए उपखण्ड अधिकारी को नॉडल अधिकारी बनाया गया। इसी प्रकार 22 दिसंबर को पंचायत स्तर पर प्रातः 9 बजे रन फॉर निरोगी राजस्थान प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात निरोगी राजस्थान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन चिकित्सा विभाग द्वारा किया जायेगा। इसमें निरोगी जीवन शैली के संबंध में विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिये जायेगे। इसके लिए उपखण्ड अधिकारी को नॉडल अधिकारी बनाया गया। इनके साथ विकास अधिकारी एवं ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिम्मा सौंपा गया है।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर मुरारी लाल वर्मा, सुरेश कुमार सिंधी सहित समस्त संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ