Ticker

6/recent/ticker-posts

अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक कुमार के निधन पर अजमेर कलेक्ट्रेट में शोक सभा का हुआ आयोजन

अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक कुमार के निधन पर अजमेर कलेक्ट्रेट में शोक सभा का हुआ आयोजन

अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक कुमार के निधन पर अजमेर कलेक्ट्रेट में शोक सभा का हुआ आयोजन

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किए श्रद्धासुमन अर्पित

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं राजस्थान सरकार के ऊर्जा विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर कार्यरत श्री आलोक कुमार के असामयिक निधन पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शोक सभा आयोजित की गई।

शोक सभा में राजस्व मंडल के अध्यक्ष एवं सम्भागीय आयुक्त हेमंत गेरा, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला कलक्टर लोक बन्धु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना की।

राजस्व मंडल के अध्यक्ष हेमंत गेरा ने कहा कि आलोक कुमार ने कोटा में संभागीय आयुक्त के रूप में उनके साथ कार्य करते हुए उन्हें निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया। मूलभूत सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं में उनका योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा। वे हमेशा सहयोग को तत्पर रहते थे और विकट परिस्थितियों में भी मुस्कान के साथ कार्य करते थे। उनका जाना एक समर्थक वरिष्ठ अधिकारी की क्षति है। इसकी भरपाई असंभव है।

पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने आलोक कुमार के साथ बीकानेर सहित विभिन्न स्थानों पर साझा किए गए प्रशासनिक अनुभवों को याद करते हुए कहा कि वे सदैव अपने कनिष्ठ अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहे। वे विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए स्वयं समीक्षा कर समाधान प्रस्तुत करते थे। कुमार की कार्यशैली प्रशासनिक के साथ मानवीय दृष्टिकोण से भी उल्लेखनीय थी।

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि झालावाड़ में कलक्टर के रूप में कार्य करते समय उन्हें आलोक कुमार से निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहा। वे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर आवश्यक कार्यों में सहायता करते थे। उनका जाना राज्य प्रशासन के साथ व्यक्तिगत रूप से भी एक बड़ी क्षति है।

उन्होंने कहा कि आलोक कुमार एक दूरदर्शी, कर्मनिष्ठ और संवेदनशील अधिकारी थे। तकनीकी क्षेत्र में विशेष रुचि के कारण उन्होंने ऊर्जा विभाग में नवाचारों के साथ अनेक उल्लेखनीय कार्य किए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर गजेंद्र सिंह राठौड़, ज्योति ककवानी, वंदना खोरवाल सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ