Ticker

6/recent/ticker-posts

विकास अधिकारियों की बैठक आयोजित

विकास अधिकारियों की बैठक आयोजित

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने दिए संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिले के ब्लॉक विकास अधिकारियों की बैठक शनिवार को आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता जिला कलक्टर लोक बन्धु ने की। इसमें विकास अधिकारियों को संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अभिषेक खन्ना द्वारा योजनाओं में प्रगति की जानकारी साझा की गई।

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि वन्दे गंगा जल संरक्षण अभियान के अन्तर्गत प्रत्येक ग्राम स्तर तक प्रतिदिन गतिविधियां आयोजित होनी चाहिए। ब्लॉक किशनगढ़, सरवाड़ तथा सावर को गतिविधियों की संख्या बढ़ानी चाहिए। महाअभियान में की गई गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड करना भी सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के पूर्व के विभिन्न चरणों के कार्य निर्धारित समयावधि तक पूर्ण होने आवश्यक है। श्रमदान गतिविधियां प्रत्येक ग्राम पंचायत पर प्रतिदिन हो। खेल मैदान को भी इसमें लिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के लिए प्रत्येक ग्राम से भामाशाहों की पहचान की जाए। इनके माध्यम से रिचार्ज शाफ्ट निर्माण करवाने के लिए प्रेरित करें। प्रत्येक ग्राम पंचायत दो-दो रिचार्ज शाफ्ट निर्माण का लक्ष्य रखें। इनमें से एक रिचार्ज शाफ्ट को तत्काल निर्मित करावें। अभियान के कार्यों का दस्तावेजीकरण आवश्यक रूप से कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के लिए भामाशाह तथा आमजन का सहयोग लिया जाए। दानदाताओं को अपनी क्षमतानुसार सहयोग करने के लिए प्रेरित करें। प्रत्येक ग्रामीण द्वारा दिया गया छोटा-छोटा सहयोग भी बड़ी धनराशि का रूप ले लेता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति से थोड़ा-थोड़ा सहयोग प्राप्त करने का प्रयास किया जाए। इसके लिए एमजेएसए स्केनर का उपयोग किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि धरती आबा अभियान में सपनीखेड़ा, नया गांव मीणों का, भाण्डावास, पडालिया, गिरवरपुरा, बाढ़ का झोंपड़ा, जीतपुरा, मोड़ी, शेक्य खेड़ा, गोरधा, पीपलिया तथा चीतावास को चयनित किया गया है। इन ग्रामों के परिवारों को समस्त योजनाओं से लाभान्वित कर संतृप्तिकरण कराना होगा। इसके लिए शेड्यूल बनाकर कार्य करें। इन कार्यों की मॉनिटरिंग करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि सांसद एवं विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कोष के स्वीकृत कार्यों में से अभी तक आरम्भ नहीं हुए कार्यों को निरस्त करने की कार्यवाही करें। स्वीकृत राशि के ड्राफ्ट अथवा चेक जिला मुख्यालय को भिजवाए जाएं। कार्य नहीं करवाने की स्थिति में संबंधित से वसूली की कार्यवाही भी करें। प्रगतिरत कार्यों को पूर्ण करावें। यह कार्य बारिश से पहले हो। इन कार्यों के पूर्ण होते ही जियो टैग अपलोड करने होंगे। कार्य में देरी होने पर जुर्माना वसूला जाना चाहिए। पूर्ण कार्यों के पूर्णता प्रमाण-पत्र तथा उपयोगिता प्रमाण-पत्र भिजवाएं।

उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के पार्सल वितरण कराएं। अटल ज्ञान केन्द्र घोषणा के अन्तर्गत चयनित 85 ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी तथा ई-लाइब्रेरी बनाने के लिए स्वीकृति जारी की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त समय पर जारी हो। आवास निर्माण का कार्य आरम्भ नहीं करने वालों से रिकवरी करना सुनिश्चित करें। पूर्ण कार्यों का भौतिक सत्यापन कर लें। प्रधानमंत्री आवास योजना के आधार पर इण्डीव्यूजवल हाऊस होल्ड लेटरिन को रिलोकेट करने की कार्यवाही करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ