Ticker

6/recent/ticker-posts

हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता अभियान : विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हरी झण्डी दिखाकर की तिरंगा यात्रा की शुरूआत

हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता अभियान : विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हरी झण्डी दिखाकर की तिरंगा यात्रा की शुरूआत

अजमेर (अजमेर मुस्कान)।
हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता अभियान-2025 के अन्तर्गत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रंखला में नगर निगम द्वारा एक तिरंगा यात्रा की शुरूआत नगर निगम के पीआर मार्ग स्थित कार्यालय से की गई। इस यात्रा को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा नगर निगम कार्यालय से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारत सरकार के हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना पैदा करना है। यह हमारी साझा पहचान, स्वतंत्रता और एकता के साथ-साथ स्वच्छता की ओर रूझान का भव्य उत्सव है। यह उत्सव तिरंगे की भावना से ओत-प्रोत है। यह केवल एक प्रतीक नहीं है। हमारे राष्ट्र के सामूहिक प्रयासों की कडी में नगर निगम के द्वारा जन मानस में देश प्रेम और स्वच्छता के प्रति चेतना का प्रचार-प्रसार करके, प्लास्टिक मुक्त स्वच्छ, सुन्दर और सशक्त शहर के रूप में स्थापित करने की प्रयासों की कड़ी के रूप में एक कदम है। हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता अभियान-2025 के द्वितीय चरण में पूरे नगरीय सीमा क्षेत्र में जन अभियानों के रूप में उठाया जा रहा है।

तिरंगा यात्रा के उद्देश्य को पूरा करने के लिए शहर के गणमान्य नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद, दुकानदार, आम जनता, नगर निगम के सभी कार्मिक अधिकारी एवं कर्मचारी, सफाई कार्मिक, फायर, एसएचजी, एनजीओ, एमएसआरजीवाय कार्मिक तथा करीब 2500 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। इसमें स्थानीय दुकानदार, महिलाओं ने जगह-जगह फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। नगर निगम ने भी सम्पूर्ण शहर में रंगोलियाँ बनाकर, बैनर, झण्डे बनाकर जनमानस की चेतना को जगाने में कोई कसर बाकी नहीं रखी।

नगर निगम की ओर से करीब 15 स्थान पर झंडा कलेक्शन ड्राइव भी चलाई गई। इसमें लगभग 4 हजार झंडा वापस एकत्र किए गए। इससे देश प्रेम के प्रतीक राष्ट्रीय तिरंगे को ससम्मान वापस लिया जा सके। नगर निगम के द्वारा सभी डिवाइडर चौराहे एवं प्रमुख स्थानों पर तिरंगे के कपड़े के द्वारा सजावट की जा रही है। इससे आमजन में स्वतंत्रता दिवस के लिए जागृति लाई जा सके। नगर निगम द्वारा 15 अगस्त की तैयारी के संदर्भ में प्रमुख स्थानों ऎतिहासिक स्मारकों आदि पर सजावट एवं बिजली की लड़ियां लगाए जाने का कार्य निरंतर जारी है।

कार्यक्रम में महापौर ब्रजलता हाड़ा, निगम आयुक्त देशल दान, उपायुक्त अनीता चौधरी, कीर्ति कुमावत, शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी, एसबीएम प्रभारी समेत समस्त गणमान्य नागरिक और अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ