अजमेर (अजमेर मुस्कान)। बहनों का सुरक्षा सम्मान कार्यक्रम में आंगनबाड़ी बहनों का जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री संग रक्षाबन्धन का मुख्य कार्यक्रम जयपुर में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की कलाई पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ. मंजू वाघमार एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रक्षा सूत्र बांधे और उपहार पाए। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि सरकार बहनों की सुरक्षा और सम्मान के लिए तत्पर है। यह हमारी संस्कृति है। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। इसका सीधा प्रसारण डॉ. भीमराव अम्बेडकर मेडिकल कॉलेज सभागार में किया गया। इसमें भी आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान हुआ। इस कार्यक्रम में विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने आंगनबाड़ी बहनों के कार्य की सहराना की।
विधायक अनिता भदेल ने कहा कि आंगनबाड़ी की बहनें प्रशासन की अंतिम कड़ी के रूप में समाज से सीधे जुड़ी रहती है। इनका बच्चों एवं महिलाओं से सम्बन्धित पोषण का महत्त्वपूर्ण कार्य है। इस कारण आमजन तक सीधी पहुंच रहती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा इनके कार्य के महत्त्व को समझते है। इसीलिए इनके हित के लिए निर्णय लिए जा रहे है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इन मानदेय कर्मियों को राज्य कर्मी बनाने के लिए विकल्प दिया गया है। अब ये महिला सुपरवाईजर से लेकर सीडीपीओ तक बन रही है। इन बहनों का भविष्य सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री लगातार कार्य कर रहे है। इनके मानदेय में भी लगातार वृद्धि की गई है। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी दी गई।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक आंगनबाड़ी बहन माता यशोदा की तरह समाज के कान्हा का पोषण करती है। इस प्रकार कान्हा तैयार होने से समाज में परिवर्तन अवश्यम्भावी है। नन्द घर उसी यशोदा मैया के कार्य को साकार रूप देने का स्थल है। भारतीय परम्परा में जन्म देने वाली मां से संस्कार और पालन-पोषण करने वाली माता को महत्त्वपूर्ण माना गया है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी को बालक जीवन भर याद रखता है। उसे वहां वात्सल्य का आंचल मिलता है। आंगनबाड़ी बहनें प्रत्येक बच्चे को राधिका और कान्हा मानकर पोषण करती है। इस प्रकार से तैयार बच्चे नए देश और समाज का निर्माण करेंगे। रक्षासूत्र से भाईयों और बहनों में आत्मिय भाव उत्पन्न होता है।
उप महापौर नीरज जैन ने कहा कि आंगनबाड़ी की बहनें बच्चों को मां की तरह रखती है। इनके इस कार्य को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा सम्मान दिया गया। मुख्यमंत्री ने इन बहनों को रक्षाबन्धन का शगुन प्रदान किया। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा आंगनबाड़ी बहनों को 501 रूपये की राशि डीबीटी के माध्यम से स्थानान्तरित की गई।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी बहनों को रक्षाबन्धन की मिठाई तथा छाते वितरित किए गए। इस अवसर पर अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल, मुख्य आयोजना अधिकारी रूद्रा रेणु, जिला रोजगार अधिकारी मधुसदन जोशी सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधी एवं आंगनबाड़ी बहनें उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ