महावीर सर्किल से आगरा गेट सड़क चौड़ी करने के लिए उच्च स्तर पर होंगे प्रयास
जल्द शुरू होगा केसरबाग पुलिया ऊंचा करने का काम
माकड़वाली फल व सब्जी मंडी शुरूआत की कार्यवाही होगी तेज
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने की विकास कार्यों की समीक्षा
जिला कलक्टर, एडीए व नगर निगम आयुक्तों के साथ हुई चर्चा
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजमेर शहर की विकास योजनाओं को आकार देने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को सर्किट हाऊस में विभिन्न योजनाओं के लिए मॉनिटरिंग बैठक की। इसमें एडीए, नगर निगम एवं अन्य विभागों की कई योजनाओं पर प्रक्रिया को गति देने की सहमति बनी। महावीर सर्किल से आगरा गेट सड़क चौड़ी करने के लिए जल्द ही उच्च स्तर पर प्रयास होंगे।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को सर्किट हाऊस में जिला कलक्टर लोक बन्धु, अजमेर विकास प्राधिकरण आयुक्त नित्या के. एवं नगर निगम आयुक्त देशल दान के साथ विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की। बैठक में कई योजनाओं को गति देने और उच्च स्तर पर चर्चा कर कार्यवाही करने की सहमति बनी। जल्द ही यह कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि माकड़वाली रोड़ स्थित फल एवं सब्जी मंडी को शीघ्र शुरू करवाया जाए ताकि क्षेत्र के लोगों एवं खुदरा विक्रेताओं को आसानी हो सके। इसके लिए शीघ्र ही उच्च स्तर पर चर्चा कर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आनासागर एवं वरूण सागर में मिट्टी निकालने के लिए प्रस्ताव तैयार कर सिंचाई विभाग को भेजने के निर्देश दिए ताकि दोनों जलस्त्रोंतों को और अधिक गहरा किया जा सके।
देवनानी ने कहा कि महावीर सर्किल से आगरा गेट तक सड़क चौड़ी करने के लिए बीएसएनएल एवं डाक विभाग से समन्वय कर उच्च स्तर पर कार्यवाही की जाए। चामुण्डा माता मंदिर पर रोप-वे के लिए संबंधित फर्मों से चर्चा कर कार्यवाही की जाए। इसी तरह बोराज तालाब की दीवार एवं डीएमएफटी फण्ड से होने वाले कार्यों पर जल्द कार्यवाही की जाए।
देवनानी ने कहा कि नगर निगम के कचरा संग्रहण करने वाले डंपरों से हाल ही में कई दुर्घटना की जानकारी सामने आयी है। इस स्थिति पर तत्काल कार्यवाही कर आमजन को सुरक्षा प्रदान की जाए। बैठक में वरूण सागर व चौरसियावास तालाब का सौन्दर्यीकरण, जीर्णोद्धार एवं अन्य विकास कार्य, शास्त्री नगर रोड़ का चौडाईकरण, अजमेर शहर की ड्रेनेज सुधार की डीपीआर सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। इसी तरह केसरबाग पुलिया एवं ब्रह्मपुरी क्षेत्र में नाले की ऊंचाई बढ़ाने संबंधी कार्य भी होंगे।
बैठक में बीएसएनएल व डाक विभाग के अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ