अजमेर : हेमू कालाणी बलिदान दिवस और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर विशाल दोपहिया वाहन रैली का आयोजन
राष्ट्रप्रेम से ही बनेगा विकसित भारत : वासुदेव देवनानी
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राष्ट्रीय सिन्धी भाषा विकास परिषद एवं शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से महान क्रांतिकारी हेमू कालाणी के बलिदान दिवस पर बुधवार को संगोष्ठी तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को शहर में भव्य दोपहिया वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी रहे। साथ ही अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी, प्रकाश टहलियानी, राजा डी. थारवानी, शिक्षाविद् लता अखानी, मनीष देवनानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक घनश्याम ठारवानी ने बताया कि संतों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात सैकड़ों दोपहिया वाहनों के काफिले ने शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राष्ट्रभक्ति, बलिदान और एकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। वहीं विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा रैली का स्वागत किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि राष्ट्रप्रेम ही किसी भी समाज और देश की सबसे बड़ी शक्ति है और जब नागरिक अपने राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते हैं तभी देश प्रगति के शिखर तक पहुँचता है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके पीछे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों का त्याग, संघर्ष और दूरदर्शिता प्रेरणा के रूप में कार्य कर रही है।
देवनानी ने कहा कि हेमू कालाणी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया और उनका जीवन आज की पीढ़ी के लिए राष्ट्रसेवा, साहस और आत्मबलिदान का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऎसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति की भावना सुदृढ़ होती है और शहीदों के प्रति यह सच्ची श्रद्धांजलि है कि हम उनके सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर कार्य करें।
इस अवसर पर पार्षद रमेश चेलानी ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सिन्धी भाषा विकास परिषद के महासचिव घनश्याम ठारवानी भगत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जितेन्द्र रंगवानी, अशोक मंगलानी, आत्मप्रकाश उदासी, दीपक निहालानी, किशोर विधानी, नितेश भाटिया, दिलीप, ललित देवानी, घनश्याम गुवालानी, भीष्म बदलानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, युवा एवं समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियाँ