विराट हिन्दू सम्मेलन के द्वितीय दिवस पर मातृशक्ति को समर्पित सांस्कृतिक संध्या का हुआ भव्य आयोजन
सनातन चेतना का जागरण ही विराट हिन्दू सम्मेलन का मूल उद्देश्य : ओमप्रकाश भड़ाना
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। सनातन धर्म की गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण, हिन्दू समाज में नव चेतना के संचार तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सकल हिन्दू समाज एवं विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति, गुर्जर धरती बस्ती, अजयमेरू महानगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विराट हिन्दू सम्मेलन के द्वितीय दिवस पर शनिवार को सुखाड़िया उद्यान गुर्जर धरती में मातृशक्ति को समर्पित भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं एवं समाजजनों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात राजस्थानी लोक संस्कृति पर आधारित पारंपरिक प्रस्तुतियों ने सम्पूर्ण वातावरण को धर्म, संस्कृति एवं गौरव की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। वहीं महिलाओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक घूमर नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और अंत में भव्य आतिशबाजी ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार स्वरूप प्रदान किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष पूरण सिंह डांगोरिया ने कहा कि यह सम्मेलन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने तथा परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है।
देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के सदस्य ओमप्रकाश भड़ाना ने कहा कि विराट हिन्दू सम्मेलन सनातन संस्कृति की आत्मा को जाग्रत करने का अभियान है। इसका उद्देश्य समाज में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों एवं सांस्कृतिक एकता को पुनः सुदृढ़ करना है।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को समर्पित यह सांस्कृतिक संध्या भारतीय नारी की गरिमा, परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है। इसमें महिलाओं की सहभागिता यह दर्शाती है कि समाज की जड़ों को सशक्त करने में नारी की भूमिका सर्वोपरि है।
भड़ाना ने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सभ्यता, संस्कृति और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं तथा सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय चेतना को मजबूती प्रदान करते हैं। इससे सशक्त और संस्कारित राष्ट्र का निर्माण संभव होगा।
इस अवसर पर समिति के सदस्य धर्मेंद्र प्रजापति, हरपाल छबड़ा, वीरेंद्र यादव , कल्याणमल गुर्जर, योगेश यादव , श्रवण लुहार, घनश्याम वर्मा, संजय यादव, विनोद बागोरिया, गजेंद्र बुंदेल, अजय ज्योतियाना, पप्पू डिस्क वाला, राहुल मौर्य, योगेश वर्मा, गोविंद साहू, रवि लुहार, अमन पंचोली सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही ।

0 टिप्पणियाँ