Ticker

6/recent/ticker-posts

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सड़क विकास कार्यों का किया शुभारंभ

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सड़क विकास कार्यों का किया शुभारंभ

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सड़क विकास कार्यों का किया शुभारंभ

शहर का विकास अब धरातल पर दिखाई दे रहा है : देवनानी

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को वार्ड 79 में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। 

उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य पहुंचाना ही उनका संकल्प है और यह केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है। धरातल पर दिखाई देने वाले विभिन्न विकास कार्यों के माध्यम से पूरा किया जा रहा है।

देवनानी ने कहा कि अजमेर के समग्र विकास के लिए मजबूत आधारभूत संरचना अत्यंत आवश्यक है। सड़कें आवागमन का साधन होने के साथ आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों की धुरी होती हैं। विगत दो वर्षों में शहर में नाला निर्माण, नई संपर्क सड़कों, जलापूर्ति सुधार, सीवरेज विस्तार और विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण जैसे अनेक विकास कार्य किए गए हैं। इन्हीं विकास कार्यों की निरंतरता में आज वार्ड 79 में विभिन्न सड़कों के निर्माण की शुरुआत की गई है।

उन्होंने कहा कि फ्रेण्ड्स कॉलोनी डी ब्लॉक की विभिन्न क्षतिग्रस्त गलियों में लगभग 65 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा। इसी प्रकार ब्लॉसम स्कूल के सामने मालू गोदाम के पास से नितेश प्रजापति के मकान तक लगभग 20 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसी क्रम में वैशाली नगर स्थित गौरी नगर गली नंबर 2 में लगभग 3 लाख रुपये की लागत से नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी।

देवनानी ने कहा कि इन सड़कों के बनने से बच्चों के विद्यालय जाने, बुजुर्गों के आवागमन और स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी, साथ ही बरसात के मौसम में होने वाली जलभराव और कीचड़ की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ कार्य कर रहे हैं और आने वाले समय में भी अजमेर के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाती रहेगी।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ