Ticker

6/recent/ticker-posts

विराट हिन्दू सम्मेलन : संतों के सान्निध्य में विशाल धर्मसभा एवं समरसता भोज के साथ रविवार को होगा समापन

विराट हिन्दू सम्मेलन : संतों के सान्निध्य में विशाल धर्मसभा एवं समरसता भोज के साथ रविवार को होगा समापन

विराट हिन्दू सम्मेलन : संतों के सान्निध्य में विशाल धर्मसभा एवं समरसता भोज के साथ रविवार को होगा समापन

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। सनातन धर्म की गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण, हिन्दू समाज में नव चेतना के संचार तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सकल हिन्दू समाज एवं विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति, गुर्जर धरती बस्ती, अजयमेरू महानगर के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय विराट हिन्दू सम्मेलन का समापन रविवार को संतो के सानिध्य में किया जाएगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को समापन के अवसर पर विशाल धर्मसभा  एवं समरसता भोज के तहत समाज को जोड़ने वाला ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा ।

आयोजन समिति के अध्यक्ष पूरण सिंह डांगोरिया ने बताया कि यह विराट आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक है, जो हिन्दू समाज को एकजुट करने का कार्य करेगा और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा।

देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के सदस्य ओमप्रकाश भड़ाना ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम रविवार 8 फरवरी को नसीराबाद रोड स्थित तेल मिल परिसर, इंडियन ओवरसीज़ बैंक के सामने अलवर गेट पर प्रातः 11.15 बजे से आयोजित होगा। 

उन्होने बताया कि कार्यक्रम का शुभारम्भ धर्म ध्वजारोहण से किया जाएगा। इसके पश्चात अंतर्राष्ट्रीय तीर्थ स्थल सवाई भोज आसींद के महंत श्री श्री 1008 महंत सुरेश दास जी महाराज एवं अखिल भारतीय सांगलिया पीठ सीकर के पीठाधीश्वर श्री श्री 108 ओमदास जी महाराज के पावन सान्निध्य में भव्य कलश यात्रा, शोभा यात्रा एवं विशाल धर्मसभा का आयोजन होगा।

उन्होंने बताया कि धर्मसभा में संत-महात्मा हिन्दू समाज को धर्म, संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और संगठन के महत्व पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से समरसता भोज महाप्रसादी का आयोजन भी रखा गया है।

उन्होंने बताया कि कलश यात्रा में 1100 मातृशक्ति सहभागी होंगी तथा यह यात्रा रेलवे म्यूजियम स्थित माता जी मंदिर से प्रातः 11.15 बजे प्रारम्भ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई मुख्य कार्यक्रम स्थल नसीराबाद रोड स्थित तेल मिल परिसर पहुँचेगी। शोभा यात्रा में विभिन्न झांकियाँ, धर्म ध्वज, भजन मंडलियाँ एवं श्रद्धालुओं की विशाल भागीदारी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से आह्वान किया कि वे सपरिवार अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करें और हिन्दू समाज में नव चेतना एवं जनजागरण के इस विराट अभियान को सफल बनाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ