जिला कलक्टर की अध्यक्षता में विभागीय समन्वय बैठक आयोजित
फ्लैगशिप योजनाओं में प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त सभी मामलों का जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं गंभीरता से परीक्षण करें। समयबद्ध उत्तर प्रेषित करें तथा अद्यतन स्थिति नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। सम्पर्क पोर्टल तथा सीपी ग्राम के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। आगामी जिला स्तरीय जनसुनवाई से पहले अधिकतम प्रकरण निस्तारित करने का प्रयास किया जाए।
जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें तथा उनकी प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इनमें रैंकिंग सुधारने के लिए विभिन्न बिन्दुओं में आवश्यक सुधार करें। रैंकिंग कम होने के कारणों का विश्लेषण कर कार्य योजना के अनुसार लक्ष्य पूर्ण करने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने, विद्युत विभाग को कुसुम योजना के तीनों घटकों में लक्ष्य अनुसार प्रगति बढ़ाने, महिला अधिकारिता विभाग को लाडो प्रोत्साहन योजना की किश्त समय पर लाभार्थियों को देने, कृषि विभाग को तारबंदी एवं फॉर्म पोंड, उद्यानिकी विभाग को शेडनेट एवं ग्रीन हाउस में लक्ष्य अनुसार प्रगति दर्ज करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज उन्नति बैठक के एजेंडा अनुसार सभी योजनाओं एवं विकास कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को यूडीआईडी कार्ड के सत्यापन एवं कार्ड जारी करने, चिकित्सालय आने में असमर्थ दिव्यांगजनों के लिए विशेष सत्यापन व्यवस्था करने तथा शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी एवं वन्दना खोरवाल, अजमेर विकास प्राधिकरण की उपायुक्त निशा सहारण, लोक सेवाओं की सहायक निदेशक विनीता स्वामी सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ