नेशनल डिफेंस कॉलेज का दल रहा अजमेर के दौरे पर
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। नेशनल डिफेंस कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों का 16 सदस्यीय दल बुधवार को अजमेर के दौरे पर रहा।
दल द्वारा विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया गया। दल ने सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह की जियारत की। साथ ही दरगाह नाजिम द्वारा दरगाह के विकास एवं इतिहास के संबंध में जानकारी दी गई। इसके पश्चात दल द्वारा शहर में स्मार्ट सिटी के माध्यम से किए गए कार्यों का अवलोकन किया गया। पटेल स्टेडियम में हुए विकास कार्यों की जानकारी ली। स्मार्ट सिटी की कार्यप्रणाली के बारे में जाना। जेएलएन चिकित्सालय के शिशु रोग विभाग के नवनिर्मित भवन में उपचाररत शिशुओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे एवं प्रधानाचार्य डॉ. अनिल सामरिया ने विकास कार्यों एवं उपचार के विभिन्न पहलुओं के बारे में बताया।
नेशनल डिफेंस कॉलेज के दल के द्वारा सर्किट हाउस में जिला कलक्टर लोक बन्धु एवं पुलिस अधीक्षक वन्दिता राणा के साथ जिले एवं प्रशासन के संबंध में वार्तालाप किया। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने जिले की भौगोलिक स्थिति, जन परिदृश्य एवं आर्थिक सांख्यिकी के संबंध में बताया। जिला प्रशासन के कार्यों, सम्पर्क पोर्टल, शैक्षिक स्थिति, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण सहित कई विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक वन्दिता राणा के द्वारा जिले की कानून व्यवस्था के बारे में बताया गया। सुदृढ़ सुरक्षा तंत्र की नींव बीट प्रणाली की उपादेयता के बारे में जानकारी दी। महिला सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे कालिका बटालियन जैसे नवाचारों से अवगत कराया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल तथा नगर निगम उपायुक्त अनिता चौधरी एवं स्मार्ट सिटी के तकनीकी अधिकारी दल के साथ रहे।


0 टिप्पणियाँ