विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने रेडक्रॉस सोसायटी के नवनिर्मित विश्राम गृह के कमरों एवं हॉल का किया लोकार्पण
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा जनसेवा की भावना को सशक्त करते हुए जेएलएन चिकित्सालय के सामने स्थित रेडक्रॉस सोसायटी भवन में नवनिर्मित विश्राम गृह के कमरों एवं हॉल का लोकार्पण विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि यह विश्राम गृह दूर-दराज से उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत और सुविधा प्रदान करेगा। इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल परिसर के निकट इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी सहूलियत मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि अक्सर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को शहर में ठहरने के लिए उचित व्यवस्था नहीं मिल पाती, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऎसे में रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा निर्मित यह विश्राम गृह उनके लिए एक महत्वपूर्ण सहारा साबित होगा। यहां उपलब्ध कमरों एवं हॉल की सुविधा से जरूरतमंद लोग कम खर्च में सुरक्षित और आरामदायक ठहराव प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी लंबे समय से मानव सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामारिया, अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे, सोमरत्न आर्य, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी तथा शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ