विभागीय समन्वय बैठक आयोजित
जिला कलक्टर ने समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोकबंधु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय विभागीय समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसमस्याओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने तथा राज्य सरकार की फ्लैगशिप एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने विभागवार एवं अधिकारी स्तर पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए 60 एवं 90 दिवस से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के औसत निस्तारण समय में सुधार लाने के लिए सभी अधिकारी समयबद्ध रूप से प्रकरणों का समाधान करें तथा परिवादियों से समन्वय स्थापित कर संतुष्टि प्रतिशत में वृद्धि सुनिश्चित करें। उन्होंने केन्द्र एवं मुख्यमंत्री कार्यालय के पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने तथा स्टार्क मार्क प्रकरणों की जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा साप्ताहिक समीक्षा कर समय पर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
संपर्क पोर्टल की विभागवार समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा 15 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले की राज्य स्तरीय रैंकिंग में सुधार लाने के लिए ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को कुसुम योजना के तीनों घटकों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति दर्ज करने के निर्देश दिए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा महिला अधिकारिता विभाग को लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभान्वित करने के लिए स्वास्थ्य केन्द्रवार समीक्षा करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, फार्म पॉण्ड योजना, तारबंदी योजना सहित अन्य योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार राज्य के औसत से अधिक प्रगति दर्ज करने के निर्देश दिए । इसी प्रकार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को पीएम अभीम, आईपीएचएल, सीसीबी सहित अन्य विभागीय योजनाओं में प्रगति बढ़ाने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में शिक्षा विभाग को मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के विभिन्न पैरामीटर्स जैसे विद्यार्थियों की उपस्थिति, नामांकन, विद्यालय निरीक्षण एवं शैक्षणिक मॉनिटरिंग में सुधार करते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक निर्माण विभाग को अटल प्रगति पथ सहित अन्य विकास कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
जिला कलक्टर ने हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत आगामी समय में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पौधारोपण की तैयारी करने तथा वन विभाग को पर्याप्त संख्या में पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना में नल कनेक्शनों के विस्तार, अमृत योजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने, लीकेज की मरम्मत करने तथा आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं में लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने, राज उन्नति के प्रमुख बिंदुओं पर प्रगति दर्ज करने तथा पंच गौरव योजना के अंतर्गत जिला स्तर पर भौतिक लक्ष्यों का निर्धारण करने पर भी चर्चा की गई। जिला खनिज प्रतिष्ठान निधि के प्रस्तावित कार्यों के लिए वित्तीय एवं तकनीकी स्वीकृति जारी कर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करते हुए शीघ्र वर्क ऑर्डर जारी करने के निर्देश दिए। ग्रीष्मकाल को देखते हुए हैंडपंपों की मरम्मत, विद्यालयों के रखरखाव सहित अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार निस्तारित प्रकरणों का सत्यापन कर असंतुष्ट परिवादियों से समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें संतुष्ट करने के प्रयास करने तथा रिवेरिफिकेशन के संतुष्टि प्रतिशत में वृद्धि सुनिश्चित करने को निर्देशित किया।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश ने जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम के अंतर्गत विभागवार आवंटित लक्ष्यों के अनुसार प्रगति दर्ज करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, लोक सेवाओं की सहायक निदेशक विनीता स्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ