Ticker

6/recent/ticker-posts

राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में महाआरती का भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं में दिखा अपार उत्साह

राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में महाआरती का भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं में दिखा अपार उत्साह

राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में महाआरती का भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं में दिखा अपार उत्साह

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने की प्रदेश व जिले की खुशहाली की कामना

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। नवसंवत्सर की पूर्व संध्या पर राजस्थान दिवस समारोह की साप्ताहिक कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार सायंकाल पुष्कर स्थित विश्वविख्यात ब्रह्मा मंदिर में जिला प्रशासन एवं देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य एवं श्रद्धामय महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें जल संसाधन एवं आयोजना विभाग मंत्री सुरेश सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विधिवत पूजा-अर्चना कर ब्रह्मा भगवान की आरती की तथा प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके उपरांत मंदिर प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालुओं की विशाल संख्या के बीच महाआरती संपन्न हुई। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्ति भाव, आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह से ओत-प्रोत हो उठा । महाआरती का संचालन श्री लक्ष्मी निवास वशिष्ठ, श्री कृष्ण गोपाल वशिष्ठ एवं श्री वैभव वशिष्ठ सहित अन्य पुरोहितों द्वारा विधि-विधानपूर्वक किया गया।

इस अवसर पर मंत्री रावत ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान दिवस हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है तथा ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हुए सामाजिक समरसता एवं भाईचारे को सुदृढ़ बनाते हैं। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री रावत ने संत-महात्माओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जिला प्रशासन एवं देवस्थान विभाग के अधिकारियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गिरीश बच्चानी, संत-महात्मा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ