जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक आयोजित
अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें राष्ट्रीय तथा राज्य राजमार्गों पर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति गठित की गई है। इसके द्वारा जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों की सड़क सीमा के भीतर स्थित अवैध अतिक्रमणों को हटाने संबंधी कार्यवाही की समीक्षा की गई। बैठक में सदस्य सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार तंवर ने इस संबंध में की गई कार्यवाही से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि जिले में कुल 24 संरचनाओं का चिह्निकरण किया गया था। इनमें से 2 धार्मिक तथा 22 व्यावसायिक श्रेणी की संरचनाएं है। किशनगढ़ अजमेर ब्यावर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 448 पर 12 तथा जयपुर किशनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 पर भी 12 संरचनाएं इस श्रेणी की थी। इनमें से जयपुर किशनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 पर से 4 व्यावसायिक श्रेणी की संरचनाओं को हटाया जा चुका है। शेष 20 संरचनाओं को हटाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संरचनाओं को हटाने के लिए नियमानुसार कार्यवाही की जाए। चिन्हित अतिक्रमणों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए तथा इस कार्यवाही के दौरान आवश्यकतानुसार पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराया जाए। साथ ही संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार एवं प्रभावी तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। संबंधित को नोटिस देकर हटाने की कार्यवाही की जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु सहित राजमार्गों से जुड़ी हुई संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ