राजकीय परिसरों में संचालित रसोईघरों को लेने होंगे पीएनजी कनेक्शन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आगामी 15 दिवस में सभी सरकारी आवासीय परिसरों में संचालित रसोईघरों को पीएनजी कनेक्शन लेने होंगे।
जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ ने बताया कि सरकारी बंगले, सर्किट हाउस, गेस्ट हाउस, मिड डे मील हेतु सरकारी विद्यालय, अन्नपूर्णा रसोई, सरकारी हॉस्टल, हॉस्पिटल, पुलिस मेस, जेल, प्रशिक्षण संस्थान आदि राजकीय परिसर में संचालित रसोईघरों को आगामी 2 सप्ताह में पीएनजी कनेक्शन लेना होगा। इस संबंध में सरकार द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं के लिए पीएनजी एलपीजी की तुलना में अधिक लाभप्रद है। भारत में पीएनजी के घरेलू भंडार अधिक हैं। यह भू-राजनीतिक गड़बड़ी से कम प्रभावित होता है। यह चौबीसों घण्टे सातों दिन उपलब्ध है। सिलेंडर बुक करने या डिलीवरी का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। पीएनजी, एलपीजी की तुलना में 7 से 17 प्रतिशत तक सस्ता है। उपभोक्ता को केवल उतनी ही गैस का पैसा देना होता है जितनी उपयोग की गई है, न कि पूरे सिलेंडर का पैसा पहले देना पड़ता है। कम गर्मी की तीव्रता के कारण इसमें पके भोजन का पोषण मूल्य बेहतर रहता है। मौजूदा एलपीजी चूल्हों को मामूली खर्च पर पीएनजी के लिए बदला जा सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई और पाइप बिछाने की अनुमति शीघ्रता से की जा रही है। गैस वितरण कंपनी को स्थानीय भंडारण के लिए किसी भी सरकारी विभाग की खाली भूमि से 300-1000 वर्ग मीटर का भूखंड 2-3 साल के लिए किराया-मुक्त लीज पर उपलब्ध कराया जाए। जिला कलक्टर लोक बन्धु द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर एक टाइम-बाउंड माइक्रो-प्लान (समयबद्ध योजना) तैयार की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ