Ticker

6/recent/ticker-posts

पुष्कर बस हादसाः विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने घायलों से की मुलाकात

पुष्कर बस हादसाः  विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने घायलों से की मुलाकात

पुष्कर बस हादसाः  विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने घायलों से की मुलाकात

चिकित्सा अधिकारियों को निशुल्क उपचार के दिए निर्देश

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। पुष्कर घाटी में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद सोमवार को राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जेएलएन अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में भर्ती  सभी घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने हादसे में मृतकों के घर जाकर भी सांत्वना दी।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सोमवार को प्रातः जेएलएन अस्पताल पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि हादसे में घायल किसी भी मरीज के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को निशुल्क, समुचित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा आवश्यक दवाइयों, जांच और विशेषज्ञ उपचार की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

देवनानी ने कहा  संकट की इस घड़ी में चिकित्सा टीम पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से सेवाएं दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी न हो।

अस्पताल दौरे के बाद विधानसभा अध्यक्ष हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के घर भी पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

इस दौरान देवनानी ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने बसों की फिटनेस, चालक की योग्यता, ओवरलोडिंग और तकनीकी खामियों की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि भविष्य में इस प्रकार के हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि व चिकित्सक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ