सम्राट पृथ्वीराज चौहान की 860वीं जयंती पर रंग भरो प्रतियोगिता आयोजित
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। वीर शिरोमणि सम्राट पृथ्वीराज चौहान की 860वीं जयंती के अवसर पर 17 मई 2026 (रविवार) को सायं 6 बजे सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्मारक (तारागढ़ पर्वत श्रृंखला) पर भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस उपलक्ष्य में विद्यालय स्तर पर चित्रकला ‘रंग भरो’ प्रतियोगिता का आयोजन अजमेर के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के संयोजक शिवप्रसाद गौतम ने बताया कि अजमेर के 51 विद्यालयों में यह प्रतियोगिता 30 अप्रेल तक आयोजित की जा रही है। प्रतिभागियों के लिए समिति द्वारा चित्र (कार्डशीट) उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि रंग एवं ब्रश विद्यार्थी स्वयं ला रहे हैं। दोनों वर्गों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के चित्रों का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर किया जाएगा तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त चित्रों को 30 अप्रैल 2026 तक दोपहर 1 बजे से 4 बजे के मध्य गणगौर फूड्स, पिज्जा प्वाइंट, स्वामी कॉम्प्लेक्स के पास, अजमेर पर जमा कराया जाएगा।
देशभक्ति एकल गायन एवं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिताओं के लिए भी आमंत्रण
आयोजन से जुड़े मुकेश खींची ने जानकारी दी कि 25 अप्रेल को प्रातः 9 बजे सूचना केन्द्र, अजमेर में देशभक्ति एकल गायन एवं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। गायन प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम दो विद्यार्थी भाग ले सकेंगे, जबकि सामूहिक नृत्य में एक समूह की प्रविष्टि मान्य होगी। प्रतिभागियों को वाद्य यंत्र एवं पोशाकें स्वयं लानी होंगी। इन प्रतियोगिताओं के संयोजक रेखा गोयल एवं शैलेन्द्र सिंह परमार रहेंगे। इच्छुक छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय के कला अध्यापक के माध्यम से प्रविष्टि कर सकते हैं।
आयोजन समिति के सम्पत सांखला ने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 17 मई 2026 को आयोजित मुख्य समारोह में सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्मारक, तारागढ़ (अजमेर) पर प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
सभी कार्यक्रमों में नगर निगम अजमेर, पर्यटन विभाग, अजमेर विकास प्राधिकरण, भारत विकास परिषद (मुख्य), पृथ्वीराज चौहान ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक शोध केन्द्र, मदस विश्वविद्यालय, भारतीय इतिहास संकलन समिति तथा सम्राट पृथ्वीराज चौहान समारोह समिति, अजमेर का सहयोग रहेगा।

0 टिप्पणियाँ