योग, प्राणायाम और राष्ट्रचेतना का संगम : निःशुल्क योग शिविर जारी
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत एवं भारतीय जनता पार्टी अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में भजनगंज, अजमेर स्थित 9 नंबर पेट्रोल पंप के पास टोरंटो पैलेस में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से निःशुल्क योग एवं प्राणायाम शिविर उत्साहपूर्वक संचालित किया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा एवं योग साधक नियमित सहभागिता कर रहे हैं।
कार्यक्रम में अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल ने अपने संबोधन में योग एवं प्राणायाम के महत्व को प्रतिपादित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवन जीने की भारतीय पद्धति है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति मानसिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
आज के शिविर में सभी योग कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय एवं ऊर्जावान बन गया। उपस्थित साधकों ने आध्यात्मिक शक्ति एवं सामूहिक चेतना के जागरण का अनुभव किया।
शिविर में क्रीड़ा योग के अंतर्गत “घूमता किला” एवं “बोल मेरी मछली कितना पानी” जैसे प्रेरणादायी एवं मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से योग को आनंदमय एवं सहभागितापूर्ण स्वरूप प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत के कार्य पद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र शर्मा, नगर प्रमुख अंकुर प्रजापति, कार्यालय प्रमुख गणपत सिंह, जितेंद्र गहलोत, चंद्रशेखर, बीना तोमर, लक्ष्मी चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता शिविर के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ