जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित
अवैध कनेक्शन, पेयजल चोरी एवं दुरुपयोग पर होगी सख्त कार्यवाही : जिला कलेक्टर
अजमेर (अजमेर मुस्कान) । जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ग्रीष्म ऋतु के दौरान जिले में सुचारू एवं समान पेयजल वितरण सुनिश्चित करने, जलापूर्ति तंत्र की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध पेयजल कनेक्शन, पेयजल चोरी तथा पानी के व्यावसायिक एवं कृषि उपयोग जैसी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आवश्यक जाब्ते की उपलब्धता के लिए पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर पर पूर्व समन्वय कर संयुक्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अवैध गतिविधियों पर एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति के लिए लगाए गए टैंकरों की नियमित निगरानी रखी जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि पानी का दुरुपयोग अथवा अवैध विक्रय नहीं हो। इसके लिए सूचना तंत्र को मजबूत बनाकर क्षेत्रीय स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फील्ड में सक्रिय रहकर आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें।
जिला कलक्टर ने ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर पेयजल सप्लाई तंत्र की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। इसके लिए प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा तकनीकी अथवा अन्य कारणों से उत्पन्न समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। डीएमएफटी फण्ड से प्रस्तावित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए ।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत विभिन्न प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों के विरुद्ध एफएचटीसी उपलब्धियों, ओटीएमपी कार्यों, नल जल मित्र की स्थिति तथा शत-प्रतिशत नल कनेक्शन वाले ग्रामों के सत्यापन की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं विद्यालयों में एफएचटीसी तथा हैंडवॉश यूनिट से संबंधित कार्यों को चिन्हित कर प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने समर कन्टिन्जेंसी कार्यों की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त टैंकर व्यवस्था एवं उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कन्टिन्जेंसी कार्यों के तहत स्वीकृत सड़क मरम्मत कार्यों को सात दिवस में पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए । उन्होंने कहा कि हैण्डपम्प मरम्मत कार्य पूर्ण होने के पश्चात भी उसकी निगरानी रखी जाए तथा किसी प्रकार की खराबी होने पर त्वरित मरम्मत की जाए।
जिला कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्राप्त शिकायतों एवं पोस्ट्स की भी नियमित निगरानी रखने को कहा। विशेष रूप से अवैध कनेक्शन, पाइप लाइन लीकेज, ओवरफ्लो, हैण्डपम्प खराबी एवं पेयजल वितरण से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा जल वितरण के दौरान पानी के सैम्पल लेकर परीक्षण किया जाए । आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया हो । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल वितरण के दौरान अंतिम छोर तक पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी पहुंचना सुनिश्चित किया जाए ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियन्ता राजीव सुगोत्रा एवं रामचन्द्र राड सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ