जीआरपी जोधपुर एवं अजमेर के जवानों ने लगाई पदोन्नति की दौड़
लगभग 100 पुरुष एवं महिलाओं ने लिया भाग
कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी के बीच हुई दौड़ संपन्न
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) जोधपुर एवं अजमेर के लगभग 100 पुरुष एवं महिला जवानों ने बुधवार को यहां पदोन्नति परीक्षा की कड़ी के रूप में क्रमशः 2 किलोमीटर एवं 1 किलोमीटर दौड़ लगाई । कड़ी सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं चिकित्सा सुविधाओं के बीच निगरानी का दौर पूरे मार्ग पर रहा।
परीक्षा दौड़ के आयोजक राजकीय रेलवे पुलिस अजमेर के पुलिस अधीक्षक वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी नरेंद्र सिंह चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि हेड कांस्टेबल से सहायक पुलिस निरीक्षक पद हेतु पदोन्नति के लिए स्वास्थ्य परीक्षा के रूप में इस दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ की शुरुआत जीआरपी कार्यालय (सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र प्रथम के पास) से की गई जो कुंदन नगर चौराहा होते हुए रेलवे के मंडल कार्यालय मार्ग से होकर इंडिया मोटर चौराहा स्थित बिसिट इंस्टिट्यूट पर संपन्न हुई।
पुलिस अधीक्षक श्री चौधरी ने बताया कि पूरी दौड़ के दौरान मार्ग के दोनों और कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था की गई तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। उन्होंने बताया कि पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों का दौड़ समय निर्धारण अलग-लग रहा जिसमें दौड़ पूरी करने के अनुसार अंक दिए जाएंगे। इस दौड़ के बाद पदोन्नति की अन्य परीक्षाओं का दौर जारी रहेगा जहां इन प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना होगा। इस दौरान जीआरपी अजमेर एवं जोधपुर के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस जवान उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ