श्रेष्ठ व्यक्तित्व का निर्माण गुरु ही करता है - राठौड़
संस्कार भारती का गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित
अजमेर (अजमेर मुस्कान) । संस्कार भारती अजयमेरु का गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के सभागार में भव्यता एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ ।
संस्था के प्रचार मित्र राजेंद्र गांधी ने बताया कि इस अवसर पर कला साधकों एवं गुरु का सम्मान किया गया । संघ गीतों की प्रस्तुति दी गई साथ ही पुस्तकों का विमोचन भी किया गया । समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष, शिक्षाविद हनुमान सिंह राठौड़ एवं विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती दर्शना शर्मा थी । कार्यक्रम संयोजक डॉ जितेंद्र थदानी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी संस्कार भारती अजयमेंरु के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा उत्सव उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया । इस अवसर पर प्रसिद्ध संगीतज्ञ डॉ रजनीश चारण 'राघव' को कला गुरु का सम्मान प्रदान किया गया । इस अवसर पर डॉ रजनीश चारण द्वारा स्वर राष्ट्र चेतना के अंतर्गत संघ गीतों की शानदार प्रस्तुति दी गई । साथ ही संस्कार भारती के अखिल भारतीय साहित्य विभाग प्रमुख डॉ सुरेश बबलानी की पुस्तकों ज़ज्बा (एकांकी संग्रह), शाहजी रचनाओं में हिंदू दर्शन एंव संस्कार भारती अजयमेरु इकाई के अध्यक्ष प्रो. प्रताप पिंजानी के द्वारा लिखित पुस्तक सिंधी कविता में वेदांत का विमोचन किया गया । मंच संचालन संस्था के महामंत्री कृष्णगोपाल पराशर ने किया । इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती एवं भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की ।
इस अवसर पर मुख्यतिथि हनुमान सिंह राठौड़ ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है । गुरु हमे अज्ञान के अंधकार से निकाल कर ज्ञान, संस्कार, सत्य के मार्ग पर चलाते हुए श्रेष्ठ व्यक्तित्व का निर्माण करते है । विशिष्ट अतिथि दर्शना शर्मा ने कहा कि गुरुजनों के प्रति सदैव श्रद्धा, सम्मान, कृतज्ञता का भाव रखकर उनके बताएं मार्ग पर चलकर संस्कारित एवं सेवा भावी बनने का संकल्प ले । कार्यक्रम में नगर के गणमान्य लोग सहित संस्था के पदाधिकारी मौजूद थे ।

0 टिप्पणियाँ