विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने दो सड़क निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा
वार्ड 3 में 80 लाख से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 3 में 80.67 लाख रुपए की लागत से होने वाले दो सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने गणपति नगर में बड़केश्वर महादेव मंदिर से अटलांटिका होटल तक 38.21 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़क तथा अम्बे विहार कॉलोनी की विभिन्न क्षतिग्रस्त गलियों में 42.46 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को सुगम एवं बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सीसी सड़क का निर्माण भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि अजमेर शहर के कायाकल्प, पर्यटन एवं सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर आकर्षक लाइटिंग तथा अंबेडकर सर्किल से आगे करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से फव्वारे विकसित किए जाएंगे। वरुण सागर झील एवं चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण एवं पुनरुद्धार के कार्य भी प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि पंचशील में अत्याधुनिक साइंस पार्क विकसित किया जा रहा है। विद्यार्थियों एवं बेटियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त चार मंजिला लाइब्रेरी का निर्माण भी जारी है। हाथीखेड़ा में बालिकाओं के लिए 20 करोड़ रुपए की लागत से सैनिक स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आईटी पार्क विकसित किया जा रहा है। माकड़वाली रोड पर हजारों दर्शकों की क्षमता वाला खेल स्टेडियम भी निर्माणाधीन है।
नव निर्वाचित महापौर अनामिका शर्मा ने वार्ड में विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क, रोशनी, जल निकासी, स्वास्थ्य एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में श्री कन्हैयालाल जोशी, दीपक काकानी, हेमलता जाटव, राकेश वर्मा, अनिल मेघवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ