Ticker

6/recent/ticker-posts

वंदे मातरम्@150 : जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में वन्दे मातरम् का हुआ सामुहिक गायन

वंदे मातरम्@150 : जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में वन्दे मातरम् का हुआ सामुहिक गायन

अजमेर (अजमेर मुस्कान)।
वंदे मातरम्@150 के कार्यक्रमों की श्रृखला में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को पुलिस लाईन मैदान में किया गया। इसमें 5230 से अधिक व्यक्तियों ने वन्दे मातरम् का सामुहिक गायन किया। स्वतत्रंता सेनानी शोभा राम गहरवार एवं परिजन जानकी टी. गोकलानी को सम्मानित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के सम्बोधन को सीधे प्रसारण के माध्यम से देखा गया। प्रतिभागियों को ऑनलाईन सहभागिता प्रमाण-पत्र भी जारी हुए।

केन्द्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि वन्दे मातरम् देश के नागरिकों में चेतना जगाने वाला गीत है। वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत माता के प्रति श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। यह गीत हमें हमारे कर्तव्य, कर्म और कर्मभूमि के प्रति सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि वंदे मातरम् के शब्दों में मां भारती की आत्मा बसती है। यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के समय हमारे महान क्रांतिकारियों के लिए ऊर्जा और बल का स्रोत बना। आज भी यह हर भारतीय के हृदय में वही उत्साह, गर्व और देशभक्ति का भाव जागृत करता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रऋषि बंकिम चन्द्र चटर्जी की अमर कृति आनन्द मठ का यह गीत हमें हमेशा प्रेरणा देता आया है। इसके लिए मां भारती के सपूतों ने बलिदान दिए है। यह हमें मातृभूमि की सेवा के लिए संकल्पित करता है। सरकार सशक्त किसान के माध्यम से सशक्त भारत का निर्माण करने के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के द्वारा प्रकृति संरक्षण के लिए भी अभूतपूर्व कार्य किया गया है।

देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश भडाणा ने कहा कि वंदे मातरम्@150 के आयोजन देश के प्रति समर्पण की भावना में वृद्धि करेंगे। राजकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में आगामी 26 नवम्बर तक विविध आयोजन किए जाएंगे। उनमें प्रत्येक व्यक्ति को जोश एवं उत्साह के साथ भाग लेना चाहिए।

जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में आदर्श विद्या निकेतन पुष्कर रोड़ की 28 बालिकाओं ने ज्योति खोरवाल के निर्देशन में राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन कराया। वन्दे मातरम् के सम्पूर्ण अन्तरों का गायन ऊर्जा दायक रहा। राजकीय केन्द्रीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने वन्दे मातरम् नृत्य प्रस्तुत किया। ग्रेस डेव ने विजयी विश्व तिरंगा प्यारा का गायन किया। पर्यटन विभाग के द्वारा भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। नाथू लाल सोलंकी के दल ने नगाड़ा वादन किया। जापान में आयोजित भारत पर्व में अपनी प्रस्तुति देने वाले स्थानीय कलाकार विशाल माथुर के दल ने ऎ मेरे वतन के लोगों, ऎ वतन मेरे वतन, संदेशे आते है, मेरा रंग दे बसंती चोला, जय हो तथा वन्दे मातरम् का गायन किया।

इस अवसर पर संभागीय आयुक्त  शक्ति सिंह राठौड़, जिला कलक्टर  लोक बन्धु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के., जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत एवं  रमेश सोनी, अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल एवं नरेन्द्र कुमार मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी जग नारायण व्यास सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ