अजमेर में अमृता हाट की धूम 16 से, आएंगे देशी उत्पाद, होंगे आकर्षक आयोजन
16 से 22 फरवरी तक वैशाली नगर अरबन हाट में होगा आयोजन
विधायक अनिता भदेल, संभागीय आयुक्त राठौड़ ने किया पोस्टर का विमोचन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजमेर में एक बार फिर अमृता हाट की धूम मचने वाली है। गांव, खेड़ों, ढाणी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के देशी और बेहतरीन उत्पाद एक ही छत के नीचे मिलेंगे। वैशाली नगर स्थित अरबन हाट में 16 से 22 फरवरी तक संभाग स्तरीय अरबन हाट का आयोजन होने वाला है। विधायक अनिता भदेल, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ एवं अतिरिक्त संभागीय आयुक्त दीप्ति शर्मा ने मंगलवार को पोस्टर का विमोचन किया।
महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक मेघा रतन ने बताया कि महिला अधिकारिता विभाग द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित किए जाने वाले संभाग स्तरीय अमृता हाट के पोस्टर का विमोचन अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल, संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ एवं अतिरिक्त संभागीय आयुक्त दीप्ति शर्मा द्वारा किया गया। यह सात दिवसीय संभाग स्तरीय अमृता हाट 16 फरवरी से 22 फरवरी अरबन हाट वैशाली नगर में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न अंचलों से महिला स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं द्वारा निर्मित मूल्य संवर्धित उत्पादों का प्रदर्शन, विपणन एवं ब्रांड पहचान विकसित करने के उद्देश्य से विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि अमृता हाट का आयोजन महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार से जोड़ने, उनकी आय बढ़ाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए किया जाता है। इस वर्ष मेले की थीम फाल्गुन के रंग, नारी के संग, सशक्तिकरण से खुशियों की उमंग रखी गई है। इसके अनुरूप मेले की साज-सज्जा अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा राजस्थानी परंपरा के अनुसार की जाएगी। मेले में विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के सहयोग से पैकेजिंग, मार्केटिंग, सेल्समेनशिप, उत्पाद गुणवत्ता उन्नयन, ई-मार्केटिंग, ई-पेमेंट एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को उद्घाटन समारोह के अवसर पर मेस्कॉट का विमोचन किया जाएगा। इसी प्रकार 17 फरवरी को उद्यमिता विकास एवं सेल्समेनशिप कार्यशाला, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम नाबार्ड, बैंकर्स, आर-सेटी एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 18 फरवरी को अमृता फिल्म फेस्ट-अजमेर के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं की सफलता की कहानियों का प्रदर्शन एवं बालिकाओं का सम्मान स्वयंसेवी संगठनों के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 19 फरवरी को मिस अमृता फैशन शो के तहत राजस्थानी वेशभूषा पर आधारित रैम्प वॉक एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसी प्रकार 20 फरवरी को अमृता शेफ हेल्दी रेसिपी प्रतियोगिता समेकित बाल विकास सेवाएं एवं राजीविका के सहयोग से आयोजित की जाएगी। साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं माहवारी स्वच्छता पर कार्यशाला होगी।
इसी क्रम में 21 फरवरी को रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, ओपन माइक एवं कठपुतली शो जैसी खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ होंगी। 22 फरवरी को समापन अवसर पर सगापन समारोह में लाडो प्रोत्साहन योजना को समर्पित बैलून उड़ाकर पुरस्कार वितरण किया जाएगा। प्रतिदिन सायंकाल पर्यटन विभाग के सौजन्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त प्रतिदिन प्रातः योग अभ्यास, काढ़ा वितरण एवं औषधीय पौधों का वितरण आयुर्वेद एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से किया जाएगा। मेले के दौरान लकी ड्रॉ योजना भी लागू रहेगी, जिसमें प्रत्येक स्टॉल से न्यूनतम एक हजार रुपये की खरीद पर कूपन दिया जाएगा और विजेताओं का चयन किया जाएगा। साथ ही लाइव हैंडीक्राफ्ट डेमो, जैरी कढ़ाई, क्रोशिया वर्क, तथा डू इट योरसेल्फ गतिविधियाँ जैसे ओरिगेमी, कैनवास पेंटिंग एवं फोटो फ्रेम मेकिंग स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से करवाई जाएंगी।


0 टिप्पणियाँ