कायड़ विश्रामस्थली में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा स्थल का हुआ भूमि पूजन
जनप्रतिनिधियों ने तैयारियों का लिया जायजा
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी 28 फरवरी को प्रस्तावित विशाल जनसभा के मद्देनज़र अजमेर की कायड़ विश्रामस्थली में रविवार को विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर तैयारियों का जायजा लिया।
भूमि पूजन के पश्चात सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 131वें प्रसारण को सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए प्रेरक विचारों को जनप्रतिनिधियों ने जनकल्याण की दिशा में मार्गदर्शक बताया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर की धरती ऎतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पावन भूमि से लगभग 23 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, जो प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान करेगा। साथ ही लगभग 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं जनसुविधा को केंद्र में रखकर पूर्ण की जाएं। यह आयोजन ऎतिहासिक एवं अनुकरणीय बने।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कृषि, सिंचाई, आधारभूत संरचना एवं युवाओं के रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि अजमेर की यह जनसभा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास और विश्वास का उत्सव होगी। उन्होंने किसानों, युवाओं एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विकास में केंद्र एवं राज्य सरकार समन्वित रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 23 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण प्रदेश के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।
जिला कलक्टर लोकबंधु द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सभा स्थल के लिए 3 वृहद डोम, मंच व्यवस्था, आमजन की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस जनसभा को ऎतिहासिक एवं सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित करें। साथ ही आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आम पार्किंग स्थल भी नजदीक रखा जाए।
इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख सरिता गैना, देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ