विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देशों पर सफाई कर्मचारी हड़ताल का हुआ समाधान
शहर की सफाई व्यवस्था शीघ्र होगी पूर्णतः सामान्य
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। शहर में गत दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का समाधान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निरंतर प्रयासों और निर्देशों के बाद सर्वसम्मति से हो गया है।
इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़ तथा जिला कलक्टर लोकबंधु के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में कर्मचारियों की मांगों, शहर की स्वच्छता व्यवस्था तथा आमजन को हो रही असुविधा पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
देवनानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्या का समाधान संवाद, समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा करते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को शीघ्र सामान्य किया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने शहर की स्वच्छता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले दिनों से विभिन्न वार्डों में जमा कचरे को हटाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों एवं संसाधनों की व्यवस्था की जाए। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर सफाई कार्य को तेज गति से प्रारंभ करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इससे शीघ्र ही संपूर्ण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौटने की संभावना है।
देवनानी ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी जायज मांगों पर संवेदनशीलता से विचार किया जाना आवश्यक है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि आमजन को मूलभूत सेवाओं में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

0 टिप्पणियाँ