Ticker

6/recent/ticker-posts

विभागीय समन्वय बैठक आयोजित

विभागीय समन्वय बैठक आयोजित

विभागीय समन्वय बैठक आयोजित

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समर कंटीजेंसी प्लान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आमजन को गर्मी के मौसम में निर्बाध सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही राज्य सरकार की फ्लैगशिप एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़े। इसके लिए सभी विभाग समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें। विभागवार प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने औसत निस्तारण समय में गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर समाधान करने को निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों में अधीनस्थ स्तर पर नियमित समीक्षा करें तथा ऐसे प्रकरणों में, जहां कार्मिकों द्वारा लापरवाहीपूर्वक जवाब या कार्यवाही नहीं की गई हो, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े साधारण कार्य जैसे नामांतरण, अतिक्रमण हटाने सहित अन्य राजस्व एवं प्रशासनिक प्रकरणों का त्वरित समाधान प्राथमिकता से किया जाए। प्रकरणों को चिन्हित कर उनके सत्यापन एवं पुनः सत्यापन की प्रक्रिया को करते हुए अधिकतम संतुष्टि प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि 45 दिवस से अधिक कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहे।

जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं सीपीग्राम पोर्टल से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करने तथा स्टार मार्क प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रत्येक माह चिन्हित प्रकरणों का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रेषित करने के भी निर्देश प्रदान किए। फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए विद्युत विभाग को कुसुम योजना के घटकों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति दर्ज करने, आरडीएसएस के अंतर्गत 33 केवी जीएसएस एवं 11 केवी फीडर पृथक्करण कार्यों में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। 

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, शेडनेट, फार्म पॉन्ड एवं तारबंदी योजनाओं में शेष लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा कृषकों को योजनाओं की व्यापक जानकारी देने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा विभाग को पीएम-अभीम के अंतर्गत किशनगढ़ आईपीएचएल एवं जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा गया तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग को मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के तहत विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं निरीक्षण में सुधार लाने को कहा गया। सार्वजनिक निर्माण विभाग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं अटल प्रगति पथ के लंबित कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए। पीएम विश्वकर्मा योजना में बैंक समन्वय के माध्यम से ऋण वितरण में आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए।

हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत विभागवार आवंटित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को जल जीवन मिशन के तहत एफएचटीसी कनेक्शनों में तेजी लाने एवं अमृत योजना के कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए। पंच गौरव कार्यक्रम के भौतिक लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करने के साथ ही आगामी वर्ष के लिए पूर्व योजना तैयार करने को कहा गया।

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने कार्यों के लिए मध्य एवं दीर्घकालीन योजना बनाते हुए वार्षिक कार्ययोजना तैयार करें। 20 सूत्री कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। साथ ही राजीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, लोक सेवाओं की सहायक निदेशक विनीता स्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ