घरेलु एलपीजी का नहीं हो अन्यत्र उपयोग
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिले में घरेलु रसोई गैस का अन्य स्थानों पर उपयोग रोकने के संबंध में बुधवार को जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि घरेलु गैस सिलेण्डरों का उपयोग केवल खाना पकाने के लिए ही किया जाना चाहिए। इसके अन्य उपयोग एवं अवैध रिफीलिंग रोकने के लिए लगातार कार्यवाही की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं स्थलों पर लगातार दबिश दी जानी चाहिए। गैस एजेन्सियों को भी इसके लिए पाबंद करें। इस प्रकार के अवैध कृत्य करने वालो के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। इसी प्रकार अफवाहें फैलाने वाले व्यक्तियों पर भी कार्यवाही होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी वर्तमान व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे सभी पीएनजी (पाईप्ड नेचुरल गैस) के लिए अविलम्ब आवेदन करें। रसद विभाग द्वारा इन उपभोक्ताओं को चिह्नित कर व्यक्तिगत सम्पर्क किया जाए। आवेदन के बाद ऎसे उपभोक्ताओं को 20 प्रतिशत व्यावसायिक गैस सिलेण्डर की आपूर्ति में प्राथमिकता दी जायेगी। इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के द्वारा वर्तमान में अजमेर जिले में अजमेर शहर, किशनगढ़ शहर, केकड़ी में 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को पीएनजी की आपूर्ति की जा रही है। इसके अतिरिक्त पाईप लाईन कर विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कंपनी द्वारा नेटर्वक विस्तार के लिए रोड़ कटिंग संबंधी अनुमतियां मांगी गई है। इन अनुमतियों को अण्डर टेकिंग के साथ तत्काल जारी करें। कंपनी द्वारा करीब 30 हजार घरों में कनेक्शन और मीटर लगाए जा चुके हैं। इन 30 हजार इच्छुक उपभोक्ताओं को आईजीएल एक सप्ताह में गैस आपूर्ति शुरू कर देनी चाहिए। इसके अलावा लगभग 54 हजार घरों में कनेक्शन तो लगाए जा चुके हैं. शीघ्र ही पाईपलाईन बिछाने का कार्य भी पूरा कर लिया जाए। अधिकाधिक संख्या में एलपीजी उपभोक्ता पीएनजी हेतु आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष तथा सम्पर्क पोर्टल के माध्यम से आने वाली शिकायतों का निस्तारण तत्काल करावें। जिले में घरेलु रसोई गैस, पेट्रोेल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके लिए पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। आगे से लगातार सप्लाई जारी है। प्रशासनिक अधिकारी अपने क्षेत्र की गैस एजेन्सियों एवं पेट्रोल पम्पों की लगातार जांच करें। किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ ने बताया कि राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मंगलवार को एलपीजी आपूर्ति प्रबंधन के संबंध में वीसी के माध्यम से निर्देश दिए गए कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए व्यावसायिक गैस सिलेण्डर की आपूर्ति 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत किए जाने के राज्य सरकार द्वारा निर्देश प्रचान किए गए है। इस अतिरिक्त आपूर्ति के लिए सभी वर्तमान व्यावसायिक एवं औद्योगिक एलपीजी उपभोक्ताओं को पीएनजी हेतु आवेदन करना होगा।
इसके साथ ही जिला कलक्टर लोक बन्धु द्वारा सभी गैस एजेन्सियों को निर्देशित किया गया है कि बुकिंग डिजिटल माध्यम से की जाये। केवल ओटीपी के माध्यम से ही घरेलू गैस की सप्लाई की जाएगी। नीले रंग की पासबुक में ऎन्ट्री की जाए।
हाथों-हाथ किया पीएनजी कनेक्शन जारी
वर्तमान आवश्यकता को देखते हुए इन्द्रप्रस्थ गैस द्वारा लगातार पीएनजी कनेक्शन जारी किए जा रहे है। इससे व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को सुविधा हो रही है। साथ ही उन्हें पर्यावरण अनुकूल चौबीस घण्टे लगातार गैस मिल रही है। सिलेण्डर की डिलीवरी का इन्तजार नहीं करना पड़ रहा है। पीएनजी में मीटर आधारित बिलिंग होती है। इसमें दुर्घटना की सम्भावना भी कम है। बुधवार को किशनगढ़ शहर में कृष्णा बेकरी को सफलतापूर्वक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का कमर्शियल कनेक्शन प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त इस माह के अंत तक अन्य कई रेस्टोरेंट एवं होटलों में भी पीएनजी कनेक्शन प्रारंभ किए जाने की योजना है। इनमें रसोई रेस्टोरेंट, राज होटल (मकराना), जैन रेस्टोरेंट एवं वृंदावन स्वीट्स (अजमेर) शामिल हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी, उपखण्ड अधिकारी गरिमा नरूला, जिला रसद अधिकारी जाखड़ एवं नीरज कुमार जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार एवं राजेश मीणा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता अशोक तंवर सहित गैस कम्पनियों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ