अवैध खनन अभियान को लेकर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में जिले में अवैध खनन गतिविधियों तथा खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध खनन निगरानी समिति की जिला स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इसमें जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला ने अवैध खनन की रोकथाम के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की बात कही।
बैठक में विगत वित्तीय वर्ष एवं इस वित्तीय वर्ष में जिले में अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण के विरूद्ध की गई कार्यवाही के संबंध में अवगत कराया। विगत वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले में अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण के विरूद्ध कुल 399 प्रकरण दर्ज किए जाकर जुर्माना राशि रूपये 608.35 लाख वसूली गई। इस दौरान कुल 30 प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई। चालू वित्तिय वर्ष 2025-26 में फरवरी माह तक कुल 439 प्रकरण दर्ज किये जाकर जुर्माना राशि रू. 579.35 लाख वसूल की गई। इस दौरान कुल 68 प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके अतिरिक्त माह मार्च में अब तक कुल 26 प्रकरण दर्ज किये जाकर शास्ति राशि रू. 24.43 लाख वसूली जा चुकी है। इस माह में कुल 6 प्रकरणों में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी गई है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में अधिक कार्यवाही किए जाने पर संतोष व्यक्त किया गया।
जिला कलक्टर लोक बन्धु द्वारा जिले में अवैध खनन एवं निर्गमन की प्रभावी रोकथाम के लिए तथा खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण के लिए जिले के अवैध खनन, निर्गमन तथा भण्डारण के संवेदनशील क्षेत्रों पर एसआईटी सदस्य विभागाें द्वारा योजनाबद्ध तरीके से संयुक्त कार्यवाही किये जाने के लिए निर्देशित किया गया। जिले में खनिज बजरी के चालू खनन पट्टों में नियमानुसार खनन कार्य किए जाने के लिए पट्टेधारियों को पाबन्द कराये जाने के निर्देश प्रदान किए गए। जिले में खनिज बजरी के अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण की प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किए गए। जिले में कहीं पर भी अवैध खनन नहीं हो यह सुनिश्चित करने के लिए सभी सदस्य विभागों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा, उपखण्ड अधिकारी गरिमा नरूला, खनि अभियंता सत्यनारायण कुमावत, सहायक वन संरक्षक विभा चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी प्रमोद लोढा एवं अनिल कुमार सोनी सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ