माली (सैनी) प्रीमियर लीग : करणी माता क्रिकेट सीकर सेमीफाइनल में, प्रतियोगिता में बढ़ा रोमांच
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। महात्मा ज्योतिबा फुले की 199वीं जयंती के उपलक्ष्य में जीएलओ ग्राउंड में आयोजित माली (सैनी) प्रीमियर लीग अजमेर 2026- सीजन एक के मुकाबले अब निर्णायक दौर में पहुंच चुके हैं। प्रतियोगिता के चौथे दिन खेले गए रोमांचक मुकाबलों में करणी माता क्रिकेट क्लब, सीकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया तथा आयोजन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं समाज में एकता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने को कहा। खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं। इसलिए युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अविनाश गहलोत फाउंडेशन अजमेर के जिला संयोजक हिमांशु टांक ने बताया कि प्रतियोगिता दिन-प्रतिदिन अधिक रोमांचक होती जा रही है और अब मुकाबले अपने चरम पर पहुंच गए हैं।
चौथे दिन का पहला मुकाबला बाबा रामदेव क्लब, ब्यावर एवं फुलेरा के बीच खेला गया, जिसमें बाबा रामदेव क्लब, ब्यावर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। इसके पश्चात दूसरा मुकाबला वर्णिका स्टोन, जोधपुर एवं करणी माता क्रिकेट क्लब, सीकर के बीच हुआ, जिसमें करणी माता क्रिकेट क्लब, सीकर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की।
दिन का तीसरा एवं निर्णायक मुकाबला बाबा रामदेव क्लब, ब्यावर एवं करणी माता क्रिकेट क्लब, सीकर के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में करणी माता क्रिकेट क्लब, सीकर ने बाजी मारते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, शहर जिलामंत्री चंद्रेश सांखला, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के आई स्पेशलिस्ट डॉ. राजेश सैनी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन में अजय सैनी, मनीष मारोठिया, वीरेंद्र भाटी, लक्ष्य भाटी, जय भाटी, रविशंकर उबाना, प्रदीप कच्छावा, राजेंद्र टांक सहित समाज बंधुओं ने मैच का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

0 टिप्पणियाँ