पंच गौरव कार्यक्रम : जिला स्तरीय कबड्डी प्रतिभा खोज शिविर का हुआ समापन
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा पूरा संबल : देवनानी
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतिभाखोज आवासीय प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शिरकत करते हुए प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले 100 खिलाड़ियों को कबड्डी खेल किट वितरित की तथा शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित 40 प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रति खिलाड़ी 10 हजार रुपये मूल्य की ट्रैक सूट, मैट शूज, दो टी-शर्ट, दो शॉट्र्स एवं किट बैग प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए देवनानी ने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार द्वारा खेलों में उभरती प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने खेल अभ्यास में निरंतर जुटे रहें तथा हार-जीत को सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना से स्वीकार करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहें। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी अभी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। वे भी निरंतर प्रयास और समर्पण से सफलता प्राप्त कर सकते हैं तथा अपने शहर और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन द्वारा चयनित 40 प्रतिभावान कबड्डी खिलाड़ियों को उन्नत प्रशिक्षण के लिए राजस्थान से बाहर प्रतिष्ठित कबड्डी अकादमियों एवं प्रशिक्षण केंद्रोंकृजैसे सोनीपत, मेरठ एवं राई स्पोट्र्स स्कूलकृभेजा जाएगा। इसका सम्पूर्ण व्यय पंच गौरव योजना के अंतर्गत वहन किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
जिला खेल अधिकारी रामनिवास चौधरी ने समारोह में पधारे सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा बताया कि शिविर में भाग लेने वाले सभी 100 खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता का भोजन, समुचित चिकित्सा सुविधा एवं आवास व्यवस्था निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, ब्यावर खेल अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार चौधरी, एथलेटिक्स प्रशिक्षक शंकर लाल बुनकर, सेवानिवृत्त खेल अधिकारी ओमप्रकाश बारिया, प्रवीण ओझा, भारतीय खेल प्राधिकरण के मुख्य प्रशिक्षक एवं ब्यावर हॉकी टीम को प्रशिक्षण दे रहे नंद कुमार शर्मा सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शंकर लाल बुनकर द्वारा सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

0 टिप्पणियाँ