राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान
अजमेर जिले की प्रत्येक पात्र बालिका को लगाएं वैक्सीन : देवनानी
विधानसभा अध्यक्ष ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को सफल संचालन के दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि अजमेर जिले की कोई भी पात्र बालिका एचपीवी वैक्सीन से वंचित ना रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वस्थ बालिका, सशक्त नारी के विजन के साथ इस महान अभियान की शुरूआत की है। अजमेर से इस अभियान की शुरूआत की गई है। जिले को इस दिशा में देश में अग्रणी होना चाहिए।
सर्विकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय स्तर पर संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को अजमेर के कायड़ विश्रामस्थली में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान किया गया था। यह ऎतिहासिक पहल देश की बालिकाओं एवं महिलाओं को सर्विकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्वस्थ एवं सशक्त नारी के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। उन्होने टीकाकरण अभियान की प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं आदर्श तैयारियों के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को विस्तृत निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं का पारदर्शी एवं प्रमाणित चयन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर लाभार्थी सूची का सत्यापन कराया जाए। आवश्यक दस्तावेजों की पूर्णता सुनिश्चित की जाए। इससे टीकाकरण प्रक्रिया पूर्णतः विधिसम्मत एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकेगी।
उन्होंने टीकाकरण के लिए सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बूथ स्थापित करने के निर्देश भी प्रदान किए। प्रत्येक बूथ पर प्रशिक्षित वैक्सीनेटर, एएनएम एवं आवश्यक सहयोगी स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही कोल्ड-चेन प्रबंधन के मानकों का कड़ाई से पालन करने को निर्देशित किया। वैक्सीन की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता अक्षुण्ण बनी रहे।
उन्होंने लॉजिस्टिक व्यवस्था के अंतर्गत लाभार्थी बालिकाओं एवं स्टाफ की सुगम एवं सुरक्षित आवाजाही के लिए समन्वित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। साथ ही शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ सतत समन्वय बनाए रखने को कहा।
इसके साथ ही उन्होंने जनजागरूकता एवं संचार के क्षेत्र में एचपीवी टीकाकरण के महत्व के संबंध में अभिभावकों एवं बालिकाओं को उचित परामर्श प्रदान करने तथा कार्यक्रम से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे अधिकतम पात्र बालिकाएँ इस अभियान का लाभ प्राप्त कर सकेंगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि समस्त व्यवस्थाएँ समयबद्ध, अनुशासित एवं गरिमामय ढंग से पूर्ण की जाएँ।यह राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम अजमेर जिले के लिए गौरवपूर्ण एवं आदर्श आयोजन सिद्ध हो।
इन निर्देशों के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों के मध्य कार्यविभाजन कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश जारी किए गए।

0 टिप्पणियाँ