जिला परिवेदना निस्तारण समिति की बैठक आयोजित
जिला कलक्टर ने आयुष्मान योजना से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के अंतर्गत गठित जिला परिवेदना निस्तारण समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत प्राप्त परिवेदनाओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निजी चिकित्सालयों के प्रतिनिधियों को निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर ने चिकित्सा सेवाओं से असंतुष्ट परिवादियों की व्यक्तिगत रूप से सुनवाई करते हुए विभिन्न मामलों में त्वरित राहत एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन शिकायतों पर गंभीरता दिखाई, जिनमें निजी चिकित्सालयों द्वारा गंभीर रोगों के उपचार में आयुष्मान योजना का लाभ नहीं दिए जाने, भर्ती की आवश्यकता होने के बावजूद केवल ओपीडी स्तर पर उपचार करने, बिना समुचित उपचार के मरीज को रेफर करने तथा उपचार के प्रति असंतोष जैसी कुल 8 शिकायतें शामिल रही। इनमें से 4 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं जवाबदेह चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या योजनाओं के लाभ से वंचित करने की स्थिति स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं निजी चिकित्सालयों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि आयुष्मान सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र मरीजों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे तथा उपचार प्रक्रिया में संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी चिकित्सालयों में शिकायत पेटिका अनिवार्य रूप से स्थापित करने, उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा मा योजना के अंतर्गत पृथक काउंटर स्थापित कर मरीजों को त्वरित मार्गदर्शन एवं लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। चिकित्सालय में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा, जिला परियोजना प्रबन्धक संतोष कुमार सिंह, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ, निजी चिकित्सालयों के प्रतिनिधि एवं परिवादी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ