मोहर्रम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

मोहर्रम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

मोहर्रम के सफल आयोजन के लिए समन्वय से समयबद्ध कार्य पूर्ण करें - अतिरिक्त जिला कलक्टर

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। मोहर्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारी एवं संबंधित संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मीणा ने निर्देश दिए कि मोहर्रम के आयोजन को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और समय पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने मौसम को देखते हुए विश्राम स्थली तथा ताजिया जुलूस मार्गों पर आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दरगाह, तारागढ़ संपर्क मार्ग, महावीर सर्किल सहित अन्य मुख्य सड़कों की मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को मोहर्रम एवं जुम्मे के अवसरों पर विश्राम स्थली एवं जुलूस क्षेत्र में अतिरिक्त जलापूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को ढीले एवं झूलते तारों का सर्वे कर आवश्यकतानुसार उन्हें ठीक करने एवं बदलने के साथ सभी प्रमुख स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक चिकित्सा दल, नर्सिंगकर्मी, 10 अस्थाई डिस्पेंसरी की स्थापना, गर्मी एवं जलजनित बीमारियों की स्थिति में आवश्यक बेड आरक्षित रखने एवं मेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम के अधिकारियों को नाले नालियों की सफाई, फॉगिंग, जूता रखने की व्यवस्था, निराश्रित पशुओं को पकड़ने एवं ताजिया मार्गों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को निर्देशित किया। रसद विभाग के अधिकारियों को उचित मूल्य की दुकानें संचालित करने, विश्राम स्थली पर भोजन पकाने की व्यवस्था सुचारु रखने तथा अवैध गैस के प्रयोग पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने परिवहन विभाग को वाहनों पर किराया सूची चस्पा कराने एवं टेंपो चालकों के साथ बैठक लेकर निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। रोडवेज को मोहर्रम के दौरान पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री मीणा ने कहा कि सभी विभाग स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों की योजना बनाएं और निर्धारित समय पर कार्यों को पूरा करें।

बैठक में संबंधित संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी आयोजन के संबंध में अपने विचार रखे। दरगाह नाजिम श्री बिलाल खान ने कहा कि मोहर्रम मिनी उर्स के रूप में आयोजित होता है।  इससे जुड़े आयोजनों में भीड़ से बचाव, छतों पर भीड़ से सुरक्षा, नमाज स्थलों की सफाई, ताजियों के ठंडा करने वाले स्थानों पर गोताखोरों की नियुक्ति, स्वयंसेवकों का पुलिस वेरीफिकेशन तथा खाद्य सामग्री की शुद्धता जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

सहायक नाजिम डॉ. मोहम्मद आदिल ने कहा कि मेला क्षेत्र में जलभराव की समस्या नहीं हो इसके लिए नालों की सफाई करवाई जाए। ताजिया सवारी के दौरान ढीले विद्युत तारों को ठीक किया जाए। इससे ऊंचे ताजियों के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं होगी। इसके साथ ही निराश्रित पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के महासचिव रमेश लालवानी ने व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिटी हिमांशु जांगिड़, उपखंड अधिकारी पद्मा देवी, सहायक नाजिम शादाब अहमद, दरगाह दीवान उत्तराधिकारी सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती, सचिव  नजमी फारूकी, एस एम अकबर, अन्दर कोट पंचायत कार्यवाहक अध्यक्ष इशहाक मोहम्मद, सचिव शफीक अहमद, अंजुमन के अध्यक्ष अब्दुल वासे, सचिव  लियाकत अली चिश्ती, तारागढ़ के मोहम्मद हारून खान एवं विभिन्न अंजुमनों के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।