जिला निष्पादन समिति की बैठक में शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा
नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करें-जिला कलक्टर लोक बन्धु
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला निष्पादन समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा, विद्यालयी व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय खुलने से पूर्व प्रवेशोत्सव की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आगामी 15 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर नामांकन में वृद्धि की जाए तथा गत वर्ष की तुलना में अधिक विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जर्जर विद्यालय भवनों में विद्यार्थियों को नहीं बैठाया जाए तथा उनके लिए समय रहते वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही डीएमएफटी के माध्यम से निर्मित कक्षा-कक्षों का आवश्यकतानुसार हस्तांतरण कर शीघ्र उपयोग प्रारम्भ किया जाए। डीएमएफटी के माध्यम से स्वीकृत कार्यों को भी समयबद्ध रूप से शुरू कराया जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि विद्यालयों में मिड-डे मील पूर्ण स्वच्छता एवं गुणवत्ता के साथ तैयार किया जाए। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के दौरान खेल मैदानों एवं अतिक्रमण से जुड़े प्रकरणों का उपखण्ड अधिकारियों के माध्यम से त्वरित निस्तारण करने तथा शिविरों में राजकीय प्रयोनार्थ भूमि आवंटन के कार्य भी प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालय परिसरों से गुजर रही एचटी विद्युत लाइनों को हटाने की कार्यवाही में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही मिशन ज्ञान के अंतर्गत ई-पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को हरियालो राजस्थान अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अभी से तैयारी करने तथा वर्षा प्रारम्भ होते ही व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति पोर्टल के माध्यम से नियमित दर्ज करने तथा पालनहार योजना से जुड़े विद्यार्थियों को अध्ययन प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि जलभराव रोकने एवं खेल मैदानों से संबंधित कार्यों के प्रस्ताव विकसित भारत-जीरामजी के माध्यम से भिजवाएं। इसी प्रकार सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविन्द नारायण पारीक, जिला शिक्षा अधिकारी दर्शना शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ