अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं मॉक ड्रिल आयोजित
अग्निशमन विभाग ने युवाओं को आग से बचाव, अग्निशामक यंत्रों के उपयोग एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माय भारत) अजमेर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में वीर शिवाजी युवा मंडल अजमेर द्वारा आर्यभट्ट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च सेंटर अजमेर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता सत्र एवं मॉक ड्रिल आयोजित की गई। कार्यक्रम में अजमेर अग्निशमन विभाग की टीम ने युवाओं को आग से बचाव, आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने तथा अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी दी। टीम ने आग की चार श्रेणियों एवं उन्हें बुझाने के लिए विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। साथ ही अग्निशमन वाहन के वाटर पंप के संचालन का लाइव डेमो भी दिया गया। कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग के लीडिंग फायरमैन महावीर सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर युवा मंडल अध्यक्ष मृगेश वशिष्ठ, सचिव सारा शर्मा, कोषाध्यक्ष दीपशिखा अजमेरा तथा स्वयंसेवक पर्ल फुलवारी, खुश अग्रवाल, गौरव सिंह चौहान एवं जानवी रावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें जनसुरक्षा के लिए प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना रहा।

0 टिप्पणियाँ